भोपाल में साधु के भेष में गांजा तस्करी, 62 वर्षीय आनंदी बाबा गिरफ्तार
प्रतीकात्मक चित्र: Deepak sankat / wikimedia, CC BY-SA 4.0
भोपाल के कोहेफिजा क्षेत्र में पुलिस ने साधु के भेष में गांजा ले जा रहे 62 वर्षीय आनंद विश्वकर्मा उर्फ आनंदी बाबा को गिरफ्तार किया है। आरोपी के काले थैले से करीब एक किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि मनुआभान टेकरी स्थित शनि मंदिर के पास एक व्यक्ति गांजा लेकर आएगा। सूचना पर कोहेफिजा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर निगरानी शुरू की। कुछ देर बाद साधु के भेष में कंधे पर काला थैला लटकाए एक व्यक्ति मंदिर की ओर आता दिखा, जिसे रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी में थैले के भीतर नारंगी पॉलीथिन में छिपाकर रखा गांजा मिला। पूछताछ में आरोपी की पहचान आनंद विश्वकर्मा उर्फ आनंदी बाबा, निवासी बैरागढ़ गांव कलां, फूलबगिया के रूप में हुई। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि वह गांजा कहां से लाया था और किसे सप्लाई करने वाला था। उसके संपर्कों और मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
स्रोत: अमर उजाला
प्रतीकात्मक चित्र: Deepak sankat / wikimedia, CC BY-SA 4.0
