धार में तीन सड़कों के निर्माण को 17.20 करोड़ की स्वीकृति, सिंघार ने दी जानकारी
प्रतीकात्मक चित्र: McKay Savage from London, UK / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY 2.0
धार जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में तीन सड़क मार्गों के निर्माण के लिए 17 करोड़ 20 लाख 60 हजार रुपए की स्वीकृति मिली है। यह जानकारी नेता प्रतिपक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक उमंग सिंघार ने ग्राम साली, काबरवा, पीपली, सोनगांव और सेंदला क्षेत्र के दौरे के दौरान दी। उन्होंने बताया कि इन सड़कों का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा।
स्वीकृत तीन मार्गों में ग्राम देदली बी से ब्राह्मणगांव होते हुए सेंदला फाटा तक सड़क के लिए 3 करोड़ 71 लाख 7 हजार रुपए, पीपली-सोनगांव मेन रोड से अम्बापुर होते हुए सेंदला तक सड़क के लिए 8 करोड़ 63 लाख 95 हजार रुपए और गंधवानी-चिकली मार्ग से साली गाडरियापुर होते हुए सोयला मेन मार्ग तक सड़क के लिए 4 करोड़ 85 लाख 58 हजार रुपए शामिल हैं। इन तीनों मार्गों की कुल लंबाई 10.40 किलोमीटर है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी ने कहा कि इन सड़कों के बनने से ग्रामीण और दूरस्थ आदिवासी अंचलों में आवागमन सुगम होगा। किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज आने-जाने और व्यापारियों सहित आम नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी।
सिंघार ने कहा कि प्रदेश की समस्याओं को विधानसभा में उठाने के साथ-साथ क्षेत्र का विकास कराना उनकी पहली प्राथमिकता है। खाद, रोजगार, बिजली और पानी जैसी समस्याओं को लेकर वे लगातार आवाज उठाते रहेंगे। दौरे के दौरान विभिन्न गांवों में ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
सड़क निर्माण कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। जोशी ने कहा कि क्षेत्र का विकास केवल सड़कों के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि जनजातीय भाई-बहनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना भी जरूरी है।
स्रोत: अमर उजाला
प्रतीकात्मक चित्र: McKay Savage from London, UK / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY 2.0
