भोपाल में सफाई के नए नियमों पर जोर, खुले में एक्सपायर दवा फेंकने पर 4 हजार का जुर्माना
प्रतीकात्मक चित्र: Bhopal Medical Appeal / flickr, CC BY-SA 2.0
भोपाल की आदमपुर कचरा खंती में कचरे के निपटारे और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स-2026 का पालन नहीं होने को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई चल रही है। हाल ही में इस मामले पर सुनवाई हुई, जिसके बाद नगर निगम ने नए नियमों पर फोकस करना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में अशोका गार्डन इलाके में खुले में एक्सपायर दवाएं फेंकने पर जुर्माना लगाया गया है।
नगर निगम द्वारा डोर-टू-डोर सर्वे किया जा रहा है, जिसमें लोगों से गीला और सूखा कचरा अलग-अलग देने की अपील की जा रही है। सफाईकर्मी भी अलग-अलग डस्टबिन में कचरा एकत्र कर रहे हैं। सुनवाई के बाद निगम ने रात्रिकालीन कचरा कलेक्शन में भी पृथक्कीकरण पर ध्यान देना शुरू किया है।
बीती रात निगम कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार बाजार और रहवासी इलाकों में पहुंचे और लोगों से संवाद किया। उन्होंने लोगों को गीला-सूखा कचरा, डायपर, सेनेटरी वेस्ट और घरेलू हानिकारक कचरे के बारे में जानकारी दी। साथ ही इन्हें डोर-टू-डोर आने वाली गाड़ियों में अलग-अलग देने को कहा गया। मंगलवार सुबह भी निगम का अमला घूम रहा है, और सभी जोन अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी तथा वार्ड प्रभारी तैनात किए गए हैं।
खुले में एक्सपायर दवाएं फेंकने पर नगर निगम ने कार्रवाई की है। जोन-9 के सहायक स्वास्थ्य अधिकारी बलवीर मलिक ने बताया कि अशोका गार्डन स्थित एक मेडिकल स्टोर के संचालक ने रात में खुले में एक्सपायर दवाई फेंक दी। इस पर वार्ड 38 के सुपरवाइजर की नजर पड़ी, जिन्होंने मेडिकल बेस्ट से बिल के आधार पर पता निकाला, जो उस मेडिकल स्टोर का निकला। इस पर मौके पर जुर्माने की कार्रवाई की गई।
आदमपुर कचरा खंती का मामला नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) से जुड़ा है। पर्यावरणविद् डॉ. पांडे ने मार्च 2023 में खंती में आग लगने की घटनाओं को लेकर एनजीटी में याचिका दाखिल की थी, जिस पर 31 जुलाई 2023 को नगर निगम पर 1 करोड़ 80 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया था। एनजीटी के इस आदेश के खिलाफ निगम ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई, जिस पर 16 मई 2025 को सुनवाई हुई और जुर्माने की राशि माफ किए जाने की मांग रखी गई। 17 नवंबर को हुई सुनवाई में कोर्ट ने नए नियमों पर फोकस करने के आदेश दिए थे, जिसके चलते निगम ने अलग-अलग डस्टबिन में कचरा लेने पर सख्ती की है।
स्रोत: दैनिक भास्कर भोपाल
प्रतीकात्मक चित्र: Bhopal Medical Appeal / flickr, CC BY-SA 2.0
