सागर की लाखा बंजारा झील पर देव दीपावली, लाखों दीपों से जगमगाए घाट
प्रतीकात्मक चित्र: Prateek Sharma / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0
मध्य प्रदेश के सागर शहर में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को लाखा बंजारा झील के किनारे भव्य देव दीपावली महोत्सव का आयोजन किया गया। काशी की तर्ज पर आयोजित इस दीपोत्सव में चकराघाट से गणेशघाट तक झील के घाट लाखों दीपों की रोशनी से जगमगा उठे। दीपों का प्रतिबिंब झील के पानी में अद्भुत छटा बिखेर रहा था। इस ऐतिहासिक आयोजन में हजारों शहरवासी शामिल हुए।
महोत्सव के दौरान दिव्य गंगा आरती, भव्य आतिशबाजी और मधुर संगीत ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में बुंदेली लोक संस्कृति की शानदार झलक देखने को मिली। कलाकारों ने ढोल-रमतूला, दुलदुल घोड़ी, बधाई, नौरता और बरेदी लोक नृत्यों की प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि इस भव्य आयोजन को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है, मानो काशी सागर में उतर आई हो। नगर निगम की ओर से शुरू की गई यह पहल सागर की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित कर रही है। उन्होंने स्वच्छ सर्वेक्षण में देश में तीसरा स्थान प्राप्त करने पर नगर निगम और शहरवासियों को बधाई दी।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने दीपोत्सव को धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक बताया। वहीं, निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने इसे ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण की दिशा में प्रेरक कदम बताया। निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने कहा कि देव दीपावली का आयोजन शहर की स्वच्छता, जल संरक्षण और ऐतिहासिक धरोहरों को सहेजने के प्रति जनजागरूकता लाने का सशक्त माध्यम है।
आयोजन में लीगल राइट्स काउंसिल की प्रदेश अध्यक्ष अनुश्री जैन, पार्षदगण और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अंत में निगमायुक्त ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
स्रोत: अमर उजाला
प्रतीकात्मक चित्र: Prateek Sharma / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0
