भोपाल में गुरु नानक प्रकाश पर्व धूमधाम से मनाया गया

0
भोपाल में गुरु नानक प्रकाश पर्व धूमधाम से मनाया गया

प्रतीकात्मक चित्र: J.M.Garg / wikimedia, CC BY-SA 3.0

सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देवजी का प्रकाश पर्व मंगलवार को भोपाल में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। शहर के प्रमुख गुरुद्वारों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। अरेरा कॉलोनी, हमीदिया रोड और पिपलानी स्थित गुरुद्वारों को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया था।

प्रकाश पर्व पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने मंगलवार को हमीदिया रोड स्थित गुरुद्वारे पहुंचकर मत्था टेका और कीर्तन का श्रवण किया। वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए गुरु नानक देवजी की शिक्षाओं को आत्मसात करने और प्रेम, सद्भाव एवं भाईचारे से परिपूर्ण समाज के निर्माण का आह्वान किया।

प्रकाश पर्व के आयोजन सोमवार देर रात से ही शुरू हो गए थे। श्रद्धालुओं ने गुरुवाणी और कीर्तन में शामिल होकर पर्व की शुरुआत की। बुधवार को भी दिनभर गुरुद्वारों में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेकने पहुंच रहे हैं।

हमीदिया रोड स्थित गुरुद्वारे में प्रकाश पर्व पर शहर का सबसे बड़ा लंगर आयोजित किया गया, जहां करीब 15 हजार श्रद्धालुओं के लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी। लंगर की तैयारी के लिए शहर के अनेक गुरुद्वारों में रोटियां बनाई गईं, जिन्हें बाद में हमीदिया रोड गुरुद्वारे पहुंचाया गया। इस आयोजन में करीब 35 से 40 क्विंटल खाद्य सामग्री का उपयोग होने का अनुमान है।

गुरुद्वारा नानक टेकरी में भी विशेष आयोजन हुआ, जहां डीपीएस स्कूल के करीब 200 विद्यार्थियों ने पहुंचकर गुरु नानक देवजी के समक्ष शीश नवाया और अरदास में शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गुरु नानक देवजी ने मानवता के कल्याण और सामाजिक समरसता का मार्ग दिखाया और उनकी शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं।

स्रोत: दैनिक भास्कर भोपाल

प्रतीकात्मक चित्र: J.M.Garg / wikimedia, CC BY-SA 3.0

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *