AI से बने फर्जी जिला आदेश वायरल, राज्य निर्वाचन आयुक्त ने जताई हैरानी
प्रतीकात्मक चित्र: Bhopal Medical Appeal / flickr, CC BY-SA 2.0
मध्य प्रदेश में नए जिलों को लेकर चर्चाओं के बीच सोशल मीडिया पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार किए गए फर्जी सरकारी आदेश वायरल हो रहे हैं। इन आदेशों में नर्मदापुरम के पिपरिया, रायसेन के बरेली और शिवपुरी के पिछोर को नया जिला घोषित किया गया है। पत्रों पर 16 नवंबर 2026 की तारीख अंकित है और राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव के फर्जी हस्ताक्षर व मुहर लगाई गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा पिछोर को जिला बनाने की घोषणा के बाद नए जिलों की चर्चाएं तेज हो गई थीं। इसी बीच शरारती तत्वों ने राज्य परिसीमन आयोग के नाम से तीन फर्जी पत्र तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिए। राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव ने स्वयं इन पत्रों को फेसबुक पर साझा करते हुए फर्जीवाड़े पर सवाल उठाए हैं।
श्रीवास्तव ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि लोग धीरे-धीरे कृत्रिम दुनिया में जीने लगे हैं। उन्होंने कहा कि AI से भीड़ के दृश्य बनाकर फ्लॉप प्रदर्शन को हिट दिखाया जा सकता है और अब AI से नए जिले भी बनाए जा रहे हैं। उन्होंने हैरानी जताई कि उनके फर्जी हस्ताक्षर किए जा रहे हैं और जिस परिसीमन आयोग को छोड़े करीब दो साल हो चुके हैं, उसी के फर्जी लेटरहेड पर आदेश जारी किए जा रहे हैं।
श्रीवास्तव ने यह भी बताया कि जनगणना की प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक इकाइयां फ्रीज रहती हैं, इसलिए इस अवधि में नए जिले या तहसील नहीं बनाए जा सकते। भारत सरकार के निर्देशानुसार मध्यप्रदेश सहित संबंधित राज्यों में 1 जनवरी 2026 से 31 मार्च 2027 तक सभी प्रशासनिक इकाइयों की सीमाएं फ्रीज की गई हैं, जिनमें जिले, तहसील और अन्य इकाइयां शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने 9 सितंबर 2024 को सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी मनोज कुमार श्रीवास्तव को मध्य प्रदेश प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया था। राज्य निर्वाचन आयुक्त नियुक्त होने के बाद उन्होंने 31 दिसंबर 2024 को इस पद से इस्तीफा दे दिया और 1 जनवरी 2025 से राज्य निर्वाचन आयुक्त का पदभार संभाला।
स्रोत: दैनिक भास्कर भोपाल
प्रतीकात्मक चित्र: Bhopal Medical Appeal / flickr, CC BY-SA 2.0
