छोला दशहरा मैदान पर निर्माण याचिका HC ने खारिज की, कहा- सार्वजनिक सुविधाओं के लिए विकास
प्रतीकात्मक चित्र: dalbera / flickr, CC BY 2.0
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने भोपाल के छोला दशहरा मैदान में व्यावसायिक निर्माण के आरोपों को खारिज कर दिया है। कोर्ट ने कहा कि राज्य सरकार और भोपाल नगर निगम के दस्तावेजों में कहीं भी कमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाए जाने की पुष्टि नहीं होती। मैदान में जनहित के विरुद्ध कोई काम नहीं हो रहा, बल्कि सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए विकास कार्य किए जा रहे हैं।
चीफ जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे और जस्टिस विवेक जैन की युगलपीठ ने सुरक्षित रखा गया फैसला सुनाते हुए यह टिप्पणी की। कोर्ट ने इस मामले में दायर जनहित याचिका खारिज कर दी। यह याचिका भोपाल निवासी और हिंदू उत्सव समिति के सदस्य मनोज शुक्ला तथा मनोज ठाकुर ने दायर की थी।
याचिकाकर्ताओं का तर्क था कि 4.030 हेक्टेयर में फैला यह मैदान पिछले 117 वर्षों से दशहरा उत्सव सहित तमाम धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र रहा है। उन्होंने आरोप लगाया था कि इस ऐतिहासिक विरासत की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर विशाल व्यावसायिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जा रहा है। इससे पारंपरिक आयोजनों के प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई थी।
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार और भोपाल नगर निगम ने कोर्ट के सामने विकास कार्यों का पूरा ब्यौरा रखा। बताया गया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत सड़क पार स्थित छोला हनुमानजी मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए अगस्त 2023 में 6 करोड़ रुपए मंजूर किए गए थे।
इसके अलावा सितंबर 2023 में मैदान के विकास कार्यों के लिए क्रमशः 5 और 10 करोड़ रुपए की राशि मंजूर की गई थी। इन कार्यों का मुख्य उद्देश्य मैदान की दशा सुधारना और सामाजिक आयोजनों को अधिक व्यवस्थित बनाना है।
स्रोत: दैनिक भास्कर भोपाल
प्रतीकात्मक चित्र: dalbera / flickr, CC BY 2.0
