दमोह में मंडी चौकीदार की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

0

दमोह जिले के पथरिया कृषि उपज मंडी परिसर में गुरुवार सुबह चौकीदार नन्हेंलाल सेन (54) का शव कार्यालय की खिड़की पर फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलने पर मंडी अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को जानकारी दी। मृतक पथरिया के वार्ड नंबर 8 का निवासी था और मंडी परिसर में ही रहता था।

मृतक के भतीजे गोपाल सेन ने बताया कि चाचा के फांसी लगाने की सूचना पर वे मंडी कार्यालय पहुंचे। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखकर उन्हें मौत के कारणों पर संदेह हुआ। उन्होंने कहा कि जिस खिड़की पर शव लटका मिला, वहां फांसी लगाने की स्थिति संदिग्ध लग रही है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

गोपाल सेन के मुताबिक, नन्हेंलाल सेन पिछले करीब छह महीने से मानसिक तनाव में थे, लेकिन तनाव की वजह परिवार को स्पष्ट नहीं पता थी। मंडी सचिव आप सिंह ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे कार्यालय की खिड़की पर शव लटका होने की जानकारी मिली।

पथरिया एसडीओपी प्रिया सिंधी ने बताया कि मंडी कार्यालय की छत पर खिड़की में कर्मचारी का शव लटका मिला था। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ड्यूटी डॉक्टर श्वेता पटेल के अनुसार, कर्मचारी को दोपहर में मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई गई।

फिलहाल चौकीदार की मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

स्रोत: अमर उजाला

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *