शहडोल में शराब के नशे में तालाब किनारे बैठे युवक की ठंड से मौत
शहडोल जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र में 35 वर्षीय सूरज कोल की ठंड लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह शराब के नशे में रातभर तालाब किनारे बैठा रहा और ठंड से कांपता रहा। सुबह ग्रामीणों ने उसे इस हालत में देखा और परिजनों को सूचना दी।
परिजन उसे घर ले गए और आग जलाकर तथा गर्म कपड़े पहनाकर शरीर गर्म करने की कोशिश की। हालत बिगड़ने पर उसे सिंहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान सूरज कोल पिता भइयालाल कोल (35), निवासी ग्राम अर्झला, थाना खैरहा, हाल निवासी एताझर के रूप में हुई है। बताया गया कि सूरज पिछले पांच वर्षों से अपने ससुराल एताझर में रह रहा था। वह घर से किसी काम के सिलसिले में शहडोल जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन रातभर वापस नहीं लौटा।
तड़के वह दूधि तालाब के पास बैठा ठंड से कांपता मिला। गांव के एक व्यक्ति ने उसे पहचानकर उसके ससुर को सूचना दी। इसके बाद पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य गर्म कपड़े लेकर मौके पर पहुंचे।
सिंहपुर मेडिकल ऑफिसर ईश्वर प्रसाद लोधी ने बताया कि युवक शराब के नशे में था। प्रथम दृष्टया शरीर पर ठंड का असर होने से मौत होने की आशंका है। युवक का पोस्टमार्टम किया गया है और मौत के विस्तृत कारणों का खुलासा रिपोर्ट आने के बाद होगा। सिंहपुर थाना प्रभारी एसपी चतुर्वेदी ने बताया कि युवक के अधिक शराब पीने के कारण रातभर तालाब किनारे बैठे रहने की जानकारी मिली है।
स्रोत: अमर उजाला
