मुरैना में जर्जर स्कूल की छत का प्लास्टर गिरने से छात्रा घायल
मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक सरकारी स्कूल की छत का प्लास्टर टूटकर कक्षा 6 की छात्रा के सिर पर गिर गया। हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उपचार जारी है।
यह घटना मुरैना जिले के शासकीय माध्यमिक विद्यालय पुराना भवन, सीमेंट जैतपुर में हुई। स्कूल में सामान्य दिनों की तरह कक्षाएं चल रही थीं, तभी अचानक छत का प्लास्टर टूटकर छात्रा के सिर पर आ गिरा। हादसे के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई।
घायल छात्रा को स्कूल स्टाफ ने तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बामोर पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। घटना के बाद स्कूल भवन की जर्जर हालत और शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय का भवन लंबे समय से जर्जर हालत में था। स्कूल प्रभारी कई बार वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दे चुके थे। शिकायतों में स्कूल परिसर में जहरीले सांप निकलने की समस्या का भी उल्लेख किया गया था, जिससे विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ था।
हादसे से नाराज स्कूल के समस्त स्टाफ ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर अपनी नाराजगी जाहिर की। शिक्षकों ने अधिकारियों को भवन की जर्जर स्थिति से अवगत कराया और पहले की गई शिकायतों के साथ सुरक्षा संबंधी समस्याओं को भी उठाया।
स्रोत: अमर उजाला
