भोपाल के ईको लॉजिकल पार्क को सुबह 7 से 10 बजे तक खोलने पर सहमति, शाम की सैर बंद
<a href="https://commons.wikimedia.org/wiki/File:Bhopal_Van_Vihar.jpg" target="_blank" rel="noopener nofollow">प्रतीकात्मक चित्र: Dhanireena / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0</a>
भोपाल के बाग मुगालिया स्थित ईको लॉजिकल पार्क को फिर से खोलने का फैसला लिया गया है। अब यह पार्क सुबह 7 बजे से 10 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा। हालांकि, शाम की सैर पर रोक जारी रहेगी। पार्क में तेंदुए के मूवमेंट के बाद इसे बंद कर दिया गया था, जिसके विरोध में रहवासी 24 नवंबर को आंदोलन करने वाले थे।
प्रदर्शन से पहले शुक्रवार सुबह वन विभाग के अधिकारियों ने रहवासियों से बातचीत की। रेंजर दीपक श्रीवास्तव और डिप्टी रेंजर कुलदीप शर्मा के साथ हुई बैठक में पार्क को सुबह 7 से 10 बजे तक खोलने पर सहमति बनी। सुरक्षा के मद्देनजर प्रतिबंधित क्षेत्रों में घूमने की मनाही रहेगी और लोगों को समूह में ही घूमने की सलाह दी गई है। रहवासियों ने भी इन शर्तों पर सहमति जताई।
बैठक में बाग मुगालिया एक्सटेंशन कॉलोनी समिति के अध्यक्ष उमाशंकर तिवारी, डॉ. बीएमएस परमार, आरके यादव, उदयभान सिंह, मधुर शुक्ला, राजेश राजपूत, हुकुमचंद्र अमकरे, चंद्रभान कावड़कर, सत्यनारायण मालवीय, ओपी पाल, राघवेंद्र श्रोत्रिय, मुन्नालाल कुशवाह, किशोर राजपूत सहित कई रहवासी मौजूद थे।
गौरतलब है कि 9 नवंबर को ईको लॉजिकल पार्क के पीछे बायपास के पास तेंदुए के शावक ने 16 वर्षीय कार्तिकेय पर हमला कर दिया था। किशोर बैरिकेडिंग पार कर जंगल के प्रतिबंधित क्षेत्र में चला गया था, जहां तेंदुए ने उस पर हमला किया। उसके सीने पर पंजे के चार घाव आए और हाथ पर भी चोट लगी। इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई थी। इस घटना के बाद वन विभाग ने एहतियातन पार्क बंद कर दिया था।
लहारपुर का यह एरिया करीब 450 हेक्टेयर में फैला है, जिसमें से करीब 25 हेक्टेयर हिस्से में लोग वॉक करने आते हैं। इस हिस्से को सुरक्षित रखा गया है और लोगों को प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने की अनुमति नहीं दी जाती। अब नई व्यवस्था के तहत सुबह के समय पार्क खुला रहेगा, लेकिन शाम की सैर नहीं होगी।
स्रोत: दैनिक भास्कर भोपाल
प्रतीकात्मक चित्र: Dhanireena / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0
