भोपाल में कुत्ते को पीटकर जिंदा दफनाने की कोशिश, केयरटेकर समेत 4 पर आरोप

0
भोपाल में कुत्ते को पीटकर जिंदा दफनाने की कोशिश, केयरटेकर समेत 4 पर आरोप

<a href="https://commons.wikimedia.org/w/index.php?curid=6811282" target="_blank" rel="noopener nofollow">प्रतीकात्मक चित्र: https://www.flickr.com/photos/chromatic_aberration/ / wikimedia, CC BY-SA 2.0</a>

भोपाल के कमला नगर थाना क्षेत्र की रिवेरा टाउन सोसायटी में एक आवारा कुत्ते के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। सोसायटी की रहवासी सुचंदना गुप्ता ने केयरटेकर नरेश गिरी समेत चार लोगों पर कुत्ते को बेरहमी से पीटने और उसे जिंदा दफनाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है और घटना का वीडियो भी सौंपा है।

शिकायत के मुताबिक, 20 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे सोसायटी के कुछ कर्मचारी कुत्ते के साथ क्रूरतापूर्ण व्यवहार कर रहे थे। उन्होंने कुत्ते को डंडों से पीटा और फिर उसके चारों पैर और मुंह प्लास्टिक व नायलॉन की रस्सी से बांध दिए। इसके बाद उसे एक वाहन के नीचे रखा जा रहा था। कुत्ते को लहूलुहान हालत में छुड़ाया गया।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि मौके पर मौजूद चार लोग कुत्ते को नाले में दफनाने के लिए गड्ढा तैयार कर रहे थे, जिनका नेतृत्व केयरटेकर नरेश गिरी कर रहे थे। महिला ने यह भी बताया कि करीब चार महीने का एक पिल्ला 19 नवंबर से लापता है, जिसकी तस्वीर पुलिस को दी गई है।

आरोप है कि सोसायटी परिसर में पहले भी कुत्तों के साथ इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं और पिछले करीब 18 वर्षों से कई कुत्ते रहस्यमय परिस्थितियों में गायब होते रहे हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि वह सामुदायिक कुत्तों को भोजन उपलब्ध कराती हैं और नगर निगम की मदद से उनकी नसबंदी भी करवाती हैं, जिसको लेकर सोसायटी के कुछ लोग उन्हें धमकाते हैं।

महिला ने पुलिस से सामुदायिक कुत्तों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, लापता पिल्ले का पता लगाने और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच करने की मांग की है। शिकायत में केयरटेकर के साथ सोसायटी प्रबंधन के पदाधिकारियों की भूमिका की भी जांच करने को कहा गया है। भारतीय न्याय संहिता की धारा 325 और 351 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(1) सहित अन्य प्रावधानों के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। एसआई संजय वर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू की है और जांच में आए तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई तय करेंगे।

स्रोत: दैनिक भास्कर भोपाल

प्रतीकात्मक चित्र: https://www.flickr.com/photos/chromatic_aberration/ / wikimedia, CC BY-SA 2.0

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *