बुल्गारिया ने काला सागर में शांति के भारत के प्रयासों की सराहना की, एफटीए को बताया उपलब्धि
<a href="https://commons.wikimedia.org/wiki/File:PIIGS_Mk_4_map.png" target="_blank" rel="noopener nofollow">प्रतीकात्मक चित्र: The original uploader was Snow storm in Eastern Asia at Engl / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY 3.0</a>
बुल्गारिया की विदेश मंत्री वेलिस्लावा पेट्रोवा-चामोवा ने नई दिल्ली में विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इस दौरान उन्होंने काला सागर में जारी संघर्ष और तनाव का दीर्घकालिक समाधान खोजने के भारत के प्रयासों का स्वागत किया। उन्होंने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को बड़ी उपलब्धि बताया।
पेट्रोवा-चामोवा ने काला सागर की सुरक्षा स्थिति पर चिंता जताई और कहा कि इस क्षेत्र में बढ़ते संघर्ष का असर समुद्री जहाजों के चालक दल और आवश्यक वस्तुओं की आवाजाही पर पड़ा है। उन्होंने बताया कि इस संघर्ष से भारतीय चालक दल के सदस्य भी प्रभावित हुए हैं। बुल्गारिया ने उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने और खोज एवं बचाव अभियान को सफल बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए हैं।
उन्होंने कहा कि बुल्गारिया काला सागर में सुरक्षा स्थिति सुधारने के लिए भारत के साथ मिलकर काम करना चाहता है। उनके अनुसार, इस क्षेत्र में शांति और सुरक्षा केवल आसपास के देशों के लिए ही नहीं, बल्कि खाद्यान्न, उर्वरक और तेल जैसी जरूरी वस्तुओं पर निर्भर देशों के लिए भी महत्वपूर्ण है।
भारत-यूरोपीय संघ एफटीए पर उन्होंने कहा कि अब इस समझौते को जमीन पर उतारने और लागू करने की दिशा में काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बुल्गारिया की भौगोलिक स्थिति उसे यूरोप के प्रवेश द्वार के रूप में महत्वपूर्ण बनाती है, जिससे भारतीय और यूरोपीय कंपनियों के बीच नए कारोबारी संबंध विकसित हो सकते हैं और निवेश तथा आर्थिक साझेदारी को बढ़ावा मिल सकता है।
बुल्गारिया की विदेश मंत्री ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मजबूत डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और अंतरिक्ष अन्वेषण जैसी उभरती तकनीकों में भारत के साथ सहयोग बढ़ाने की इच्छा जताई। उन्होंने उम्मीद जताई कि आर्थिक और तकनीकी सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए भारतीय कारोबारी प्रतिनिधिमंडल जल्द बुल्गारिया का दौरा करेगा।
स्रोत: अमर उजाला देश
