MPPCB में अवैध नियुक्तियों पर ACS अनिरुद्ध मुखर्जी से शिकायत, हटाने की मांग
<a href="https://commons.wikimedia.org/wiki/File:Indore_Rajwada.jpg" target="_blank" rel="noopener nofollow">प्रतीकात्मक चित्र: Deolekar / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 3.0</a>
मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (MPPCB) में अवैध नियुक्तियों और हितों के टकराव के आरोप सामने आए हैं। पर्यावरण कार्यकर्ता अजय दुबे ने केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के सचिव को पत्र लिखकर विभाग के अपर मुख्य सचिव (ACS) अनिरुद्ध मुखर्जी को तत्काल पद से हटाने और बोर्ड की नियम विरुद्ध नियुक्तियों को रद्द करने की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय के 26 फरवरी 2026 के आदेश के तहत राज्यों के पर्यावरण विभाग के अपर मुख्य सचिव को अधिनिर्णायक अधिकारी नियुक्त किया गया है, जिससे उन्हें प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों पर जुर्माना लगाने का अधिकार है। आरोप है कि अनिरुद्ध मुखर्जी बिना वैध आदेश के स्वयं को MPPCB का अध्यक्ष मानकर उद्योगों को अनुमतियाँ दे रहे हैं और साथ ही एसीएस के रूप में उन्हीं मामलों की सुनवाई भी कर रहे हैं, जो प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के खिलाफ है।
राज्य शासन के 17 जून 2026 के आदेश में अनिरुद्ध मुखर्जी को केवल एसीएस (पर्यावरण) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था, न कि MPPCB अध्यक्ष का। शिकायत में कहा गया है कि जल अधिनियम 1974 (संशोधित 2024) और केंद्रीय नियमों के तहत चयन समिति और राजपत्रित अधिसूचना के बिना अध्यक्ष पद पर कार्य करना अवैधानिक है।
शिकायत में यह भी आरोप है कि मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव ने नोटशीट पर मुख्य अभियंता एच.एस. मालवीय को केवल अतिरिक्त प्रभार देने का अनुमोदन किया था, लेकिन 6 नवंबर 2026 को जारी आदेश में हेरफेर करते हुए उन्हें पूर्णकालिक सदस्य सचिव नियुक्त कर दिया गया।
इस मामले में अपर मुख्य सचिव (पर्यावरण) अनिरुद्ध मुखर्जी ने एक आदेश की कॉपी शेयर करते हुए कहा कि अध्यक्ष पद का मामला पहले भी स्पष्ट किया जा चुका है और इस संबंध में एक पुराना आदेश मौजूद है, जिसे अब तक निरस्त नहीं किया गया है। उन्होंने पर्यावरण विभाग द्वारा 15 नवंबर 2022 को जारी आदेश की कॉपी भेजी है, जिसके मुताबिक जल अधिनियम-1974 और बोर्ड के नियमों के तहत पर्यावरण विभाग के प्रमुख सचिव को ही MPPCB का अध्यक्ष नामित किया गया है और इसे राजपत्र में प्रकाशित करने का भी उल्लेख है।
स्रोत: दैनिक भास्कर भोपाल
प्रतीकात्मक चित्र: Deolekar / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 3.0
