पूर्व राज्यमंत्री गहलोत 14 महीने से अन्न त्याग कर पीएम मोदी से मुलाकात की आस में
<a href="https://commons.wikimedia.org/wiki/File:Bhopal_Smart_City_Logo.png" target="_blank" rel="noopener nofollow">प्रतीकात्मक चित्र: Bhopal Smart City development Corporation limited / विकिमीडिया कॉमन्स, CC0</a>
मध्यप्रदेश की तत्कालीन कांग्रेस सरकार में राज्यमंत्री रहे राणा राजेंद्र सिंह गहलोत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर अपनी उपेक्षा की शिकायत की है। उदयगढ़ (जिला अलीराजपुर) निवासी और वर्तमान में भोपाल में रह रहे गहलोत ने मीडिया के सामने भी अपनी व्यथा साझा की। उन्होंने बताया कि वर्ष 1998 में दिग्विजय सिंह सरकार में उद्यमी विकास संस्थान के अध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा) पद पर रहते हुए उन्होंने भाजपा की सदस्यता ली थी।
गहलोत ने कहा कि उस समय मध्यप्रदेश के भाजपा संगठन प्रभारी रहे नरेंद्र मोदी की कार्यशैली और हिंदुत्ववादी छवि से प्रभावित होकर उन्होंने भोपाल के एक समारोह में मंत्री पद त्यागकर भाजपा जॉइन की थी। उनका आरोप है कि भाजपा में आने के बाद बीते 28 वर्षों से प्रदेश के नेताओं द्वारा भेदभावपूर्ण नीति अपनाकर उन्हें लगातार दरकिनार किया गया, जिससे उनका राजनीतिक भविष्य चौपट हो गया।
प्रधानमंत्री से भेंट न हो पाने से आहत गहलोत ने 9 अगस्त 2025 को दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में ईश्वर को साक्षी मानकर दोनों समय का भोजन त्यागने का संकल्प लिया। वे पिछले करीब 14 महीनों से बिना अन्न ग्रहण किए केवल जूस, दूध और फलों के सहारे जीवन यापन कर रहे हैं। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि 31 दिसंबर 2026 तक भोजन त्याग के 16 माह यानी करीब 500 दिन पूरे हो जाएंगे, और पीएम से उससे पहले मुलाकात का समय देने की गुहार लगाई है।
गहलोत ने दिल्ली का कड़वा अनुभव सुनाया कि जब वे प्रधानमंत्री निवास के पास पहुँचे तो सुरक्षाकर्मियों ने गाड़ी खड़ी नहीं करने दी और कहा कि गोली मार देंगे, जासूस हो क्या। उन्हें पीएम निवास के बजाय सेवा तीर्थ में संपर्क करने को कहा गया, जहाँ से केवल आश्वासन मिला लेकिन आज तक कोई सूचना नहीं आई। उनके पास पीएम को भेजे गए 100 से 200 स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री, कूरियर और ई-मेल की रसीदें सबूत के तौर पर मौजूद हैं।
गहलोत ने बताया कि 1998 में कांग्रेस छोड़ने के बाद तत्कालीन कैबिनेट मंत्री कांतिलाल भूरिया और अधिकारियों ने उन पर पार्टी में लौटने का भारी दबाव बनाया था। बात न मानने पर उनके विभाग का बजट रोककर यात्रा भत्ता और ईंधन खर्च के करीब 10 लाख रुपये अटका दिए गए और दो लाख रुपये की रिकवरी निकालकर प्रकरण दर्ज करवा दिया गया। इसके बावजूद उन्होंने 2013 विधानसभा चुनाव में पेटलावद से निर्मला भूरिया, 2014 लोकसभा चुनाव में दिलीप सिंह भूरिया, 2021 जोबट उपचुनाव में सुलोचना रावत और 2022 गुजरात चुनाव में दाहोद जिले की सीटों पर भाजपा को जिताने में सक्रिय भूमिका निभाई।
स्रोत: दैनिक भास्कर भोपाल
प्रतीकात्मक चित्र: Bhopal Smart City development Corporation limited / विकिमीडिया कॉमन्स, CC0
