उज्जैन में वक्फ कब्रिस्तान पर तोड़फोड़, शहर काजी ने जताई नाराजगी
प्रतीकात्मक चित्र: LRBurdak / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 3.0
उज्जैन के नीलगंगा स्थित वक्फ कब्रिस्तान, दरगाह सैयद बाबा शाही मकबरा और मस्जिद कलंदरी की संपत्ति पर प्रशासन की तोड़फोड़ कार्रवाई को लेकर मुस्लिम समाज में नाराजगी है। शहर काजी खलिकुर्रह्मान ने इस कार्रवाई को न्यायालय की अवमानना बताया है। उन्होंने कहा कि मामला वक्फ ट्रिब्यूनल में विचाराधीन है, ऐसे में जल्दबाजी में कार्रवाई क्यों की गई।
शहर काजी ने सवाल उठाया कि यदि स्थान को तोड़ना आवश्यक था तो न्यायालय के अंतिम फैसले का इंतजार क्यों नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि जीवित कब्रों को जेसीबी से तोड़ा गया है, जबकि शरीयत और कानून के मुताबिक मजार को तोड़ा नहीं जा सकता। मुस्लिम समाज इस अन्याय के खिलाफ न्यायालय और हाईकोर्ट जाएगा।
काजी ने स्पष्ट किया कि समाज शहर के चौड़ीकरण और विकास कार्यों के खिलाफ नहीं है, लेकिन विकास के नाम पर किसी भी धर्म के धर्मस्थल को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन को निष्पक्षता बरतने की नसीहत दी और कहा कि पहले भी एक सूची भेजी गई थी, जिस पर समाज ने आपत्ति दर्ज कराई थी।
मुस्लिम नुमाइंदा सोशल वेलफेयर कमेटी, उज्जैन ने दस्तावेजी प्रमाणों के आधार पर बताया कि ये संपत्तियां विधिवत पंजीकृत वक्फ संपत्ति हैं। इनका पंजीयन क्रमांक 1026/959, 1028/961 और 1026/962 है। कमेटी के अनुसार, ये संपत्तियां मध्य प्रदेश राजपत्र में 13 सितंबर 1985 को क्रमांक 961, 962 और 963 पर दर्ज हैं।
कमेटी ने बताया कि 1955 से 1985 तक के रिकॉर्ड में भी इनका उल्लेख मिलता है और रेलवे के साथ वर्ष 1998 से न्यायालयीन कार्यवाही चल रही है। कमेटी और शहर काजी ने इन तथ्यों का हवाला देते हुए प्रशासन की कार्रवाई को गैरकानूनी बताया है।
स्रोत: अमर उजाला
प्रतीकात्मक चित्र: LRBurdak / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 3.0
