बैरागढ़ में फाटक रोड फ्लाईओवर का निर्माण अंतिम चरण में, 30 करोड़ की लागत से बन रहा
प्रतीकात्मक चित्र: dalbera / flickr, CC BY 2.0
भोपाल के बैरागढ़ (संत हिरदाराम नगर) स्थित फाटक रोड पर बन रहे फ्लाईओवर का निर्माण कार्य अंतिम दौर में पहुंच गया है। यह फ्लाईओवर भोपाल-इंदौर रोड से जुड़ेगा और इससे लाखों लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। बुधवार को विधायक रामेश्वर शर्मा ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया।
एयरपोर्ट रोड को इंदौर रोड से जोड़ने वाले इस बहुप्रतीक्षित फ्लाईओवर का निर्माण लगभग 30 करोड़ रुपए की लागत से किया जा रहा है। विधायक शर्मा के अनुसार यह परियोजना संत हिरदाराम नगर और आसपास के क्षेत्रों की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में अहम भूमिका निभाएगी। इससे लंबे समय से जाम की समस्या से जूझ रहे लोगों को राहत मिलेगी।
विधायक ने कहा कि क्षेत्रवासियों की सुविधा और बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए यह एक महत्वपूर्ण विकास परियोजना है। फ्लाईओवर का काम अब अंतिम चरण में है और जल्द ही इसे जनता को समर्पित किया जाएगा।
इसके अलावा विधायक शर्मा ने संत हिरदाराम नगर के इंदौर रोड पर बन रहे मध्य प्रदेश के पहले सबसे लंबे सिक्स लेन एलिवेटेड के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां-जहां गार्डर लॉन्च हो चुके हैं, वहां लगी बैरिकेडिंग यदि हटाई जा सकती है तो हटा दी जाए। साथ ही एलिवेटेड के नीचे स्ट्रीट लाइट संबंधित एजेंसी द्वारा लगाने के निर्देश दिए गए।
विधायक ने संत हिरदाराम गुलाब उद्यान का भी निरीक्षण किया और साफ-सफाई व रखरखाव के निर्देश दिए। उन्होंने अपर आयुक्त अभिषेक सिंह और मुख्य अभियंता संतोष गुप्ता को जिम्मेदारों पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए।
स्रोत: दैनिक भास्कर भोपाल
प्रतीकात्मक चित्र: dalbera / flickr, CC BY 2.0
