रायपुर में 1600 किलो पनीर जब्त, भोपाल में डेयरी यूनिटों पर छापे
प्रतीकात्मक चित्र: Harvinder Chandigarh / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0
छत्तीसगढ़ के रायपुर में लगभग 1600 किलोग्राम पनीर जब्त किए जाने के मामले में बुधवार को भोपाल की डेयरी यूनिटों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने छापे मारे। टीमों ने कई स्थानों से पनीर के नमूने लिए ताकि उसकी गुणवत्ता की जांच हो सके। देर रात तक टीमें जांच में जुटी रहीं।
रायपुर की कार्रवाई के संबंध में छत्तीसगढ़ के किसी भी प्रशासनिक या खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने भोपाल के अधिकारियों को कोई आधिकारिक सत्यापन रिपोर्ट, जब्ती पंचनामा, परिवहन दस्तावेज, बिल्टी या बिल उपलब्ध नहीं कराए हैं। इससे यह साबित नहीं हो पा रहा है कि जब्त पनीर भोपाल में बनाया या पैक किया गया था और यहीं से रायपुर भेजा गया था।
एहतियात के तौर पर भोपाल जिले में पनीर बनाने और बेचने से जुड़ी सभी डेयरी यूनिटों की सघन तलाशी, भौतिक सत्यापन और नमूना संग्रहण किया जा रहा है। टीमों ने कान्हा डेयरी, खुशी डेयरी बावड़ियाकलां और भोज फूड्स ट्रांसपोर्ट नगर से पनीर के नमूने लिए। इसके अलावा FoSCoS पोर्टल और सीएम हेल्पलाइन पर मिली शिकायतों के आधार पर सांवरिया भोजनालय, टी सेंटर चूना भट्टी तिराहा कोलार रोड, मेड फिटनेस हब और प्योर फिटनेस पाइंट जहांगीराबाद व कोलार स्थित जिमों का निरीक्षण किया गया। जिम परिसरों में प्रोटीन पाउडर और फूड सप्लीमेंट की बिक्री नहीं पाई गई, लेकिन वहां से सप्लीमेंट के नमूने लिए गए।
इससे पहले दीपावली से पहले भोपाल खाद्य सुरक्षा अधिकारी दल ने रेल मार्ग से भोपाल लाए जा रहे लगभग 700 किलोग्राम पनीर को पकड़कर जब्त किया था। उस पनीर की खाद्य विश्लेषण रिपोर्ट में नमूना अवमानक पाया गया था। इस कार्रवाई के मद्देनजर रेल और अन्य परिवहन माध्यमों से भोपाल में आने वाले पनीर की आपूर्ति श्रृंखला की जांच महत्वपूर्ण हो गई है।
जांच में यह भी देखा जा रहा है कि ग्वालियर, भिंड, मुरैना और आगरा क्षेत्र में बना पनीर रेल या ट्रांसपोर्ट के जरिए भोपाल को पारगमन केंद्र बनाकर अन्य राज्यों और जिलों में तो नहीं भेजा जा रहा है। यह भी जांच का विषय है कि पनीर की बड़ी खेप रेलवे स्टेशन पर उतारे बिना सीधे अन्य राज्यों को तो नहीं भेजी जा रही या बीच में री-पैकिंग कर आपूर्ति तो नहीं की जा रही। कारोबार में फर्जी नाम, पते या बिलों के इस्तेमाल की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता, इसलिए बिलों, बिल्टियों, परिवहन दस्तावेजों और संबंधित व्यक्तियों की पहचान का सत्यापन जरूरी है।
स्रोत: दैनिक भास्कर भोपाल
प्रतीकात्मक चित्र: Harvinder Chandigarh / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0
