भोपाल-कानपुर कॉरिडोर का 39.57 किमी हिस्सा फोरलेन तैयार, 80 मिनट बचेंगे
प्रतीकात्मक चित्र: India_roadway_map.svg : Cc-by-sa-3.0 derivative work: Abhiji / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 3.0
भोपाल-कानपुर कॉरिडोर पर मोहारी से सतई घाट के बीच 39.57 किमी लंबी सड़क को फोरलेन कर दिया गया है। करीब 710 करोड़ रुपए की लागत से तैयार इस हिस्से से यात्रियों को राहत मिलेगी। पहले इस पहाड़ी और घाटी वाले रास्ते को पार करने में डेढ़ से दो घंटे लगते थे, अब यह सफर करीब 40 मिनट में पूरा हो सकेगा। इससे वाहन चालकों के करीब 80 मिनट बचेंगे।
बुंदेलखंड के इस पहाड़ी रास्ते पर पहले सफर करना आसान नहीं था। सड़क संकरी होने के साथ कई जगह तीखे मोड़ और एस-बेंड थे। पहाड़ी ढलानों के कारण सामने से आने वाले वाहन भी देर से दिखाई देते थे। ऐसे में भारी वाहनों को निकलने में परेशानी होती थी और कई बार लंबा जाम भी लगता था।
फोरलेन निर्माण के दौरान सड़क का अलाइनमेंट सुधारा गया। पहाड़ियों की कटिंग और घाटी वाले हिस्सों में भराव कर रास्ते को चौड़ा और सुगम बनाया गया है। सड़क निर्माण में वन्यजीवों की आवाजाही का ध्यान रखते हुए 7 एनिमल अंडरपास भी बनाए गए हैं।
मोहारी-सतई घाट सागर-छतरपुर-कबरई मार्ग का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके तैयार होने से मध्यप्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र का उत्तरप्रदेश के महोबा, बांदा और कानपुर से सड़क संपर्क बेहतर होगा। कॉरिडोर पर चलने वाले यात्रियों के साथ मालवाहक वाहनों को भी इसका फायदा मिलेगा।
परियोजना में मुख्य सड़क के साथ यातायात को सुगम बनाने के लिए 26 किमी सर्विस और स्लिप रोड बनाई गई हैं। हीरापुर बायपास के साथ एक ट्रक ले-बाय, 19 बस शेल्टर और 22 जंक्शन भी विकसित किए गए हैं। सड़क पर 61 पुलिया, 10 छोटे पुल और 3 बड़े पुल बनाए गए हैं। वाहनों की आवाजाही के लिए 8 व्हीकुलर अंडरपास, 5 हल्के वाहनों के अंडरपास और एक ओवरपास तैयार किया गया है।
स्रोत: दैनिक भास्कर भोपाल
