सरकार एक दिसंबर को लेगी 1500 करोड़ का बाजार ऋण, चालू वित्त वर्ष में अब तक 51900 करोड़ उधार

0
सरकार एक दिसंबर को लेगी 1500 करोड़ का बाजार ऋण, चालू वित्त वर्ष में अब तक 51900 करोड़ उधार

प्रतीकात्मक चित्र: Suyash.dwivedi / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0

राज्य सरकार एक दिसंबर को 1500 करोड़ रुपये का बाजार ऋण लेने वाली है। यह ऋण केंद्र सरकार द्वारा तय उधारी सीमा के भीतर है। चालू वित्त वर्ष में नवंबर तक सरकार बाजार से 51 हजार 900 करोड़ रुपये का कर्ज ले चुकी है।

प्रस्तावित 1500 करोड़ रुपये का ऋण तीन हिस्सों में 500-500 करोड़ रुपये के रूप में लिया जाएगा। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए केंद्र ने राज्य की कुल उधारी सीमा लगभग 87 हजार करोड़ रुपये निर्धारित की है, जिसमें पहले नौ महीनों के लिए 58 हजार 274 करोड़ रुपये की बाजार ऋण सीमा स्वीकृत है। यह ऋण इसी सीमा के अंदर है।

सरकार ने पिछले वित्तीय वर्ष में 29 हजार 980 करोड़ रुपये और चालू वित्त वर्ष में नवंबर के दूसरे सप्ताह तक 15 हजार 573 करोड़ रुपये ब्याज के रूप में चुकाए हैं। सरकार का दावा है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में पूंजीगत परिव्यय एक लाख करोड़ रुपये से अधिक हो सकता है।

लिए जा रहे कर्ज का उपयोग मुख्य रूप से सिंचाई परियोजनाओं, सड़क एवं एक्सप्रेस-वे, विद्युत अधोसंरचना और अन्य दीर्घकालिक परिसंपत्तियों के निर्माण में किया जाता है। सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से कृषि उत्पादन, औद्योगिक गतिविधियों, व्यापार और रोजगार के अवसर बढ़ते हैं।

बजट अनुमान 2026-27 में राज्य का ऋण और सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) का अनुपात 32.53 प्रतिशत अनुमानित है, जबकि ब्याज भुगतान और राजस्व प्राप्तियों का अनुपात लगभग 10 से 11 प्रतिशत है। वित्त विभाग के अनुसार सार्वजनिक ऋण का मूल्यांकन केवल प्रति व्यक्ति ऋण के आधार पर नहीं, बल्कि जीएसडीपी, राजस्व प्राप्तियों, ब्याज भुगतान क्षमता, पुनर्भुगतान रिकॉर्ड और ऋण से बनी उत्पादक परिसंपत्तियों के आधार पर होना चाहिए।

स्रोत: दैनिक भास्कर भोपाल

प्रतीकात्मक चित्र: Suyash.dwivedi / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *