उमा भारती ने टिकट वाले बयान पर दी सफाई, कहा- अहंकार नहीं सच्चाई थी
प्रतीकात्मक चित्र: Cutest Penguin / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 3.0
लोकसभा चुनाव-2029 में टिकट मिलने के सवाल पर दिए गए बयान से सियासी बवाल मचने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि ग्वालियर स्टेशन पर मीडिया से बातचीत के दौरान कही गई बात अहंकार नहीं, बल्कि सच्चाई थी। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें कभी टिकट नहीं दिया, बल्कि हर बार चुनाव लड़ने के लिए राजी किया है।
दरअसल, दो दिन पहले ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर पत्रकारों ने उमा भारती से आगामी लोकसभा चुनाव में टिकट को लेकर सवाल किया था। इस पर उन्होंने तल्ख लहजे में कहा था कि टिकट देने की किसकी औकात है, वह खुद फैसला करती हैं कि चुनाव लड़ना है या नहीं। यह बयान वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह के कयास लगाए जाने लगे।
इसके बाद उमा भारती ने एक्स पर पोस्ट कर अपना पक्ष रखा। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत अधिकतर नेता सामान्य परिवारों से निकलकर राष्ट्रीय सेवा के निरंतर तप के जरिए जनता और कार्यकर्ताओं की नजर में ऊंचे उठे हैं। पार्टी उन्हें इसी आधार पर जिम्मेदारियां देती गई है।
उमा ने कहा कि टिकट मिलना तो केवल चुनाव आयोग के लिए पूरी की जाने वाली एक वैधानिक प्रक्रिया है। उनकी निजी राय में चुनावी जिम्मेदारी मिलने में तीन बातें अहम होती हैं- व्यक्ति स्वयं, उसकी जरूरत और योगदान देने की क्षमता। जब ये तीनों बातें होती हैं, तो जनता और संगठन के कार्यकर्ता खुद ही संबंधित व्यक्ति को हाथों-हाथ उठा लेते हैं।
ग्वालियर स्टेशन पर मीडिया से चर्चा के दौरान उमा भारती ने मध्य प्रदेश में शराबबंदी और सरकार के कामकाज पर भी अपनी बात रखी थी। उन्होंने कहा था कि वह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से बेहद प्रसन्न और संतुष्ट हैं, लेकिन जब तक सभी जनप्रतिनिधि मुख्यमंत्री का साथ नहीं देंगे, तब तक कोई भी मुख्यमंत्री पूरी तरह सफल नहीं हो सकता।
स्रोत: दैनिक भास्कर भोपाल
प्रतीकात्मक चित्र: Cutest Penguin / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 3.0
