ऐशबाग जनता क्वार्टर का अंतिम घर शुक्रवार को टूटेगा, हाईकोर्ट ने हटाया स्टे
प्रतीकात्मक चित्र: dalbera / flickr, CC BY 2.0
भोपाल के ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर का एक घर शुक्रवार को तोड़ा जाएगा। इसके बाद यहां के सभी 600 घर टूट जाएंगे। 23 नवंबर को 599 क्वार्टर तोड़े गए थे, जबकि शेष बचे एक मकान पर हाईकोर्ट ने मोहलत दी थी। ब्लॉक नंबर 465 से अदालती स्टे हटने के बाद प्रशासन अब इसे खाली कराकर ध्वस्त करेगा।
जानकारी के अनुसार, संबंधित व्यक्ति के पास केवल एक ही वैध आवंटित फ्लैट (465) था, जबकि उसने तीन अन्य फ्लैट्स पर अवैध कब्जा कर रखा था। सुनवाई के दौरान फरियादी के समय मांगने पर कोर्ट ने उसे नया ठिकाना खोजने के लिए 7 दिन की मोहलत दी है। इस दौरान उसे रैन बसेरे में ठहराया जाएगा और अन्य प्रभावितों की तरह कलेक्टर रेट से निर्धारित किराया (लगभग ₹1,405 प्रतिमाह) भी दिया जाएगा।
जर्जर ईडब्ल्यूएस मकान तोड़ने के बाद अब री-डेवलपमेंट प्रोजेक्ट के लिए प्राइमरी प्रोजेक्ट रिपोर्ट (पीपीआर) तैयार की जा रही है। इसे बोर्ड मीटिंग में रखा जाएगा और फिर डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनेगी। इस बीच जांच में सामने आया कि 5.73 एकड़ की जगह मौके पर 4 एकड़ ही जमीन है। यानी, 1.73 एकड़ जमीन का अंतर डिजिटली सर्वे में सामने आया है।
हाउसिंग बोर्ड अब दोबारा सर्वे कराने की तैयारी कर रहा है, ताकि उपलब्ध जमीन की सटीक माप के आधार पर प्रोजेक्ट तैयार किया जा सके। अब तक रिकॉर्ड में दर्ज 5.73 एकड़ जमीन के आधार पर योजना बनाई जा रही थी। अधिकारियों के मुताबिक, कॉलोनी के चारों ओर सड़कें बनाई गई हैं और खाली जगह पर पानी की टंकी भी निर्मित है। जमीन कम मिलने की वजह अतिक्रमण मानी जा रही है।
एमपी हाउसिंग बोर्ड ने ऐशबाग की ईडब्ल्यूएस कॉलोनी का निर्माण खसरा नंबर 801, 802, 803, 804 व 870 के अंशभाग में 1986-87 में कराया था। वर्ष 1992 में कॉलोनी निगम को हस्तांतरित की गई और 16 अगस्त 2016 को भवनों को जर्जर घोषित किया गया। जनता क्वार्टर में 600 ईडब्ल्यूएस घर हाउसिंग बोर्ड ने 1986-87 में बनाए थे, जिन्हें 23 अक्टूबर 1992 को भोपाल नगर निगम को हस्तांतरित किया गया था।
स्रोत: दैनिक भास्कर भोपाल
प्रतीकात्मक चित्र: dalbera / flickr, CC BY 2.0
