संविधान दिवस पर SFI का प्रदर्शन, सरकारी स्कूल बचाने की मांग
प्रतीकात्मक चित्र: Yann ( talk ) / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0
संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) की भोपाल जिला समिति ने 'सेव स्कूल, सेव एजुकेशन मार्च' निकाला। यह प्रदर्शन सरकारी स्कूलों और सार्वजनिक शिक्षा व्यवस्था को बचाने के लिए बोर्ड ऑफिस स्थित अंबेडकर स्क्वायर पर किया गया।
प्रदर्शन में छात्र-छात्राओं ने शिक्षा के निजीकरण, स्कूलों की बदहाल स्थिति, छात्रवृत्ति में कटौती और संविधान के अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाए। प्रदर्शनकारियों ने एसआईआर को रद्द करने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की।
राजगढ़ निवासी आनंद वंशकार ने कहा कि एसआईआर रद्द होना चाहिए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान परिस्थितियों में नागरिकों के मौलिक अधिकारों और वोट देने के अधिकार का हनन हो रहा है। उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान कितना ही अच्छा क्यों न हो, यदि वह गलत हाथों में होगा तो उसका परिणाम गलत हो सकता है।
SFI से जुड़े सोनू ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकारों की नीतियों के कारण शिक्षा का बाजारीकरण बढ़ रहा है। गरीब और मजदूर परिवारों के बच्चे शिक्षा से वंचित होते जा रहे हैं। स्कूलों और कॉलेजों में छात्रवृत्ति कम होने तथा शिक्षा महंगी होने से विद्यार्थियों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा सस्ती और सुलभ होनी चाहिए, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे भी पढ़ाई कर सकें।
प्रदर्शन में शामिल ईशानी द्विवेदी ने कहा कि 26 नवंबर संविधान दिवस के मौके पर यह प्रदर्शन संविधान और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए किया गया है। उन्होंने मांग की कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने वाले लोगों को पुलिस डिटेन न करे और उन्हें संवैधानिक अधिकार के तहत प्रदर्शन करने दिया जाए। उन्होंने सरकारी स्कूलों को बंद किए जाने और वहां मिलने वाली सुविधाओं पर सवाल उठाए। उन्होंने उत्तर प्रदेश में 80 हजार से अधिक स्कूल बंद होने का दावा करते हुए कहा कि स्कूल बंद होने से ग्रामीण और गरीब परिवारों के बच्चों की शिक्षा प्रभावित होती है। उन्होंने स्कूलों में मिड-डे मील की गुणवत्ता और बच्चों के पोषण से जुड़े प्रावधानों की निगरानी की मांग भी की।
स्रोत: दैनिक भास्कर भोपाल
प्रतीकात्मक चित्र: Yann ( talk ) / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0
