छिंदवाड़ा में लोकायुक्त की कार्रवाई, वन अधिकारी के पास मिली 7.60 करोड़ की संपत्ति

0
छिंदवाड़ा में लोकायुक्त की कार्रवाई, वन अधिकारी के पास मिली 7.60 करोड़ की संपत्ति

<a href="https://commons.wikimedia.org/wiki/File:Chhindwara_Railway_Station.jpg" target="_blank" rel="noopener nofollow">प्रतीकात्मक चित्र: Dutta1sandy / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0</a>

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा और पचमढ़ी में लोकायुक्त पुलिस ने सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के सहायक संचालक संजीव कुमार शर्मा के ठिकानों पर शनिवार सुबह एक साथ कई जगहों पर छापेमारी की। जांच में अधिकारी के पास करीब 7 करोड़ 60 लाख रुपये की संपत्ति होने का खुलासा हुआ है। शुरुआती जांच में यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय से काफी ज्यादा बताई जा रही है।

लोकायुक्त पुलिस को शिकायत मिली थी कि संजीव कुमार शर्मा ने अपनी पत्नी और कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर आय से अधिक संपत्ति जमा की है। शिकायत के बाद लोकायुक्त टीम ने पहले मामले का सत्यापन किया। उप पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र सिंह की जांच में सामने आया कि अधिकारी की संपत्ति उनकी ज्ञात आय से करीब 228 प्रतिशत अधिक है, जिसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया और न्यायालय से सर्च वारंट लेकर कार्रवाई शुरू की गई।

छापेमारी के दौरान लोकायुक्त टीम को बड़ी मात्रा में सोना-चांदी और नकदी मिली। कार्रवाई में करीब 26 लाख 36 हजार 800 रुपये नकद, 2.528 किलोग्राम सोना (करीम 3 करोड़ 50 लाख रुपये) और 1.656 किलोग्राम चांदी (करीब 2 लाख 94 हजार रुपये) बरामद हुई। छिंदवाड़ा में लोकायुक्त डीएसपी अजय मिश्रा ने बताया कि घर की अलमारियों और लॉकर्स की तलाशी में करीब 927 ग्राम सोना, 356 ग्राम चांदी और लगभग 3 लाख रुपये नकद मिले।

जांच में कई बड़ी अचल संपत्तियां भी सामने आई हैं, जिनमें करीब 2 करोड़ रुपये कीमत का 'ईकोटेल रिजॉर्ट' और लगभग 1 करोड़ रुपये का 'सेरेनिटी द विला' शामिल है। इसके अलावा जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े 28 दस्तावेज जब्त किए गए हैं। छापेमारी में स्कॉर्पियो, महिंद्रा KUV100, बुलेट और स्कूटर समेत कई वाहन मिले, जिनकी कुल कीमत करीब 31 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। लगभग 50 लाख रुपये का घरेलू सामान भी सामने आया है।

लोकायुक्त टीम छिंदवाड़ा स्थित मकान का मूल्यांकन लोक निर्माण विभाग (PWD) की मदद से कराएगी और अधिकारी के तीन से चार बैंक खातों की भी जांच कर रही है। शुरुआती जांच में संपत्ति की कीमत ज्ञात आय से करीब 560 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है, हालांकि सभी संपत्तियों का अंतिम मूल्यांकन और दस्तावेजों का सत्यापन अभी बाकी है। मामले की जांच जारी है।

स्रोत: ABP न्यूज़ मध्य प्रदेश

प्रतीकात्मक चित्र: Dutta1sandy / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *