मैहर में टैंकर से टकराई कार, आग लगने से तीन घायल
<a href="https://commons.wikimedia.org/wiki/File:Accident_warning_road_signs_in_Tamil_Nadu,_India.jpg" target="_blank" rel="noopener nofollow">प्रतीकात्मक चित्र: PJeganathan / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0</a>
मध्य प्रदेश के मैहर में रविवार (15 नवंबर) रात राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। जबलपुर से घूमकर सिंगरौली लौट रहे तीन युवकों की तेज रफ्तार कार आगे चल रहे टैंकर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार टैंकर के साथ करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई।
इस दौरान कार में अचानक आग लग गई। हादसे में तीनों युवक घायल हो गए, जबकि कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। जानकारी के मुताबिक, वरना कार (MP66 ZC 4783) में तीन युवक सवार थे, जो जबलपुर घूमने के बाद अपने घर बैढ़न, सिंगरौली लौट रहे थे।
रविवार रात करीब साढ़े 9 बजे जब उनकी कार मैहर में सिमरन सरोवर होटल के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार कार आगे चल रहे टैंकर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर के बाद कार टैंकर के साथ करीब 100 मीटर तक घिसटती रही और इसी बीच उसमें आग लग गई। आग की लपटें उठती देख टैंकर चालक ने तुरंत वाहन रोक दिया। गनीमत रही कि कार में आग फैलने से पहले तीनों युवक किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रहे।
हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। इस दौरान युवा कांग्रेस के मैहर जिला अध्यक्ष सौरभ लल्ला शर्मा भी अपने साथियों के साथ वहां से गुजर रहे थे, उन्होंने पुलिस और दमकल की टीम के साथ राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। बाद में दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाया गया, जिसके बाद यातायात बहाल कराया गया।
हादसे में घायल युवकों की पहचान विक्रमादित्य पांडेय (30), आशीष कुमार पांडेय (40) और शिवेंद्र पांडेय (32) के रूप में हुई है। तीनों सिंगरौली जिले के बैढ़न के रहने वाले हैं। कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार के मुताबिक, तीनों घायलों को इलाज के लिए मैहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवा दिया है और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
स्रोत: ABP न्यूज़ मध्य प्रदेश
प्रतीकात्मक चित्र: PJeganathan / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0
