मैहर में छात्राओं से शौचालय साफ कराने पर प्रधानाध्यापक निलंबित
<a href="https://commons.wikimedia.org/wiki/File:Government_Primary_School_at_Sonamarg,_Jammu_and_Kashmir_01.jpg" target="_blank" rel="noopener nofollow">प्रतीकात्मक चित्र: Rajani Gairshail / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0</a>
मध्य प्रदेश के मैहर जिले के घुनवारा स्थित एक सरकारी स्कूल में छात्राओं से शौचालय साफ कराने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। वीडियो में एक छात्रा वाइपर से शौचालय का फर्श साफ करती और दूसरी छात्रा जग से पानी डालती दिख रही है।
वीडियो सोमवार दोपहर का बताया जा रहा है, जो मंगलवार को सोशल मीडिया पर आया। इसे लेकर लोगों ने नाराजगी जताई और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की। मामले का संज्ञान लेते हुए कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने जांच के निर्देश दिए।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घुनवारा के संकुल प्राचार्य और जनशिक्षक ने संयुक्त रूप से शुरुआती जांच की। जांच में प्रधानाध्यापक लीला बाई सिंह द्वारा छात्राओं से शौचालय साफ कराने की शिकायत सही पाई गई। इसके बाद कलेक्टर ने मंगलवार रात करीब 9 बजे निलंबन का आदेश जारी कर दिया।
निलंबन आदेश में कहा गया है कि प्रधानाध्यापक ने अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरती है, जिससे शिक्षा विभाग की छवि धूमिल हुई है। प्रशासन ने इसे मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम-3 का उल्लंघन मानते हुए मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम-9 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है।
निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, अमरपाटन रहेगा और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।
स्रोत: ABP न्यूज़ मध्य प्रदेश
प्रतीकात्मक चित्र: Rajani Gairshail / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0
