छिंदवाड़ा के दमुआ CHC में प्रसव के बाद महिला के शरीर में छूटा पैड, स्वास्थ्य कर्मी हटाई गई
<a href="https://commons.wikimedia.org/wiki/File:Villagers_from_Madhya_Pradesh_Couple_1.jpg" target="_blank" rel="noopener nofollow">प्रतीकात्मक चित्र: Suyash Dwivedi / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0</a>
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के दमुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के दौरान लापरवाही का मामला सामने आया है। ग्राम तुमड़ा निवासी शिखा यदुवंशी को 11 नवंबर 2026 को सुबह करीब 7 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां दोपहर 1:04 बजे उनका सामान्य प्रसव हुआ। परिजनों का आरोप है कि डिलीवरी के बाद सफाई और टांके लगाते समय नर्सिंग इंचार्ज सुजाता पाटिल और नर्सिंग स्टाफ रूपाली सोमकुवर ने लापरवाही बरती, जिससे प्रसूता के शरीर के अंदर कॉटन पैड और कपड़े का हिस्सा छूट गया।
इस लापरवाही के कारण महिला को लगातार तेज पेट दर्द, पेट में कड़ापन, बुखार और शौच व यूरिन करने में भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। चार दिनों तक वह असहनीय दर्द से जूझती रही। 14 नवंबर को बाथरूम के रास्ते पैड बाहर आने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद उन्हें परासिया के सेवादूत हॉस्पिटल (प्राची) ले जाया गया, जहां सोनोग्राफी और जांच में गंभीर संक्रमण की पुष्टि हुई। डॉक्टरों ने इलाज के बाद दवाइयां दी हैं।
परिजनों ने आरोप लगाया कि दमुआ अस्पताल के जिम्मेदारों से शिकायत करने पर टालमटोल किया गया। मामला मीडिया में आने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अर्चना कैथवास ने वीडियो जारी कर बताया कि संबंधित स्वास्थ्य कर्मचारी को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी कर ड्यूटी से हटा दिया गया है। नोटिस का जवाब मिलने पर कलेक्टर को आगे की कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा।
डॉ. कैथवास ने कहा कि पीड़िता की स्थिति अब ठीक है, लेकिन इस लापरवाही से उसे भारी तकलीफ उठानी पड़ी। विभाग की प्राथमिकता मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुरेश नागवंशी ने भी मामले में जांच जारी होने की बात कही है। पीड़ित परिवार अब कलेक्टर की जनसुनवाई में औपचारिक शिकायत दर्ज कराकर सख्त न्याय की मांग कर रहा है।
स्रोत: ABP न्यूज़ मध्य प्रदेश
प्रतीकात्मक चित्र: Suyash Dwivedi / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0
