कांग्रेस का संविधान रक्षा मार्च अब जबलपुर में, 12 दिसंबर को भोपाल में INDIA गठबंधन की रैली
<a href="https://commons.wikimedia.org/wiki/File:Birla_Mandir_Bhopal_Side_view.jpg" target="_blank" rel="noopener nofollow">प्रतीकात्मक चित्र: Suyash Dwivedi / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0</a>
कांग्रेस ने 26 नवंबर को भोपाल में प्रस्तावित 'संविधान रक्षा मार्च' का स्थान बदलकर जबलपुर कर दिया है। यह बदलाव भोपाल पुलिस कमिश्नर द्वारा शहर में धरना, प्रदर्शन और रैलियों पर लगाए गए प्रतिबंधात्मक आदेश और उस पर छिड़े सियासी विवाद के बीच किया गया है। अब यह मार्च 26 नवंबर को जबलपुर में आयोजित होगा।
भोपाल में अब कांग्रेस अकेले शक्ति प्रदर्शन नहीं करेगी, बल्कि पूरे 'इंडिया गठबंधन' के साथ मिलकर कार्यक्रम करेगी। दिल्ली में गुरुवार को इस रैली की तैयारियों को लेकर बैठक हुई है। भोपाल में इंडिया गठबंधन की रैली को लेकर जल्द ही कांग्रेस की ओर से आधिकारिक कार्यक्रम जारी किया जाएगा।
कांग्रेस ने भोपाल में 12 दिसंबर को बड़े स्तर पर आयोजन की रूपरेखा तैयार की है। इस दिन इंडिया गठबंधन के सभी घटक दल एक मंच पर जुटेंगे, जहां 'वोट रक्षक मार्च' निकाला जाएगा और एक विशाल आमसभा होगी। इस मेगा रैली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी वाड्रा और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत इंडिया गठबंधन के कई राष्ट्रीय नेता शामिल होंगे।
दिल्ली के बाद मध्य प्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य होगा, जहां 'वोट चोरी' के मुद्दे को लेकर इंडिया गठबंधन की संयुक्त रैली होने जा रही है। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं और भोपाल में एक लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा है।
इस विवाद की शुरुआत 16 नवंबर को हुई थी, जब कांग्रेस ने 26 नवंबर को भोपाल में संविधान रक्षा मार्च निकालने का फैसला किया था और इसमें राहुल गांधी के शामिल होने की संभावना जताई गई थी। उसी दिन भोपाल पुलिस कमिश्नर ने शहर में धरना, प्रदर्शन और रैलियों पर रोक लगाने का आदेश जारी किया था, जिसके बाद राजनीति गरमा गई थी।
स्रोत: दैनिक भास्कर भोपाल
प्रतीकात्मक चित्र: Suyash Dwivedi / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0
