भोपाल सेंट्रल जेल में बंद छात्र की मौत, परिजनों ने जताई लापरवाही
<a href="https://commons.wikimedia.org/wiki/File:Day_hut,_Raisen_district,_Madhya_Pradesh,_India.jpg" target="_blank" rel="noopener nofollow">प्रतीकात्मक चित्र: Yann ( talk ) / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0</a>
भोपाल सेंट्रल जेल में बंद 21 वर्षीय हर्षित राजपूत की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने जेल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। हर्षित ईश्वर नगर का रहने वाला था और बीकॉम सेकंड ईयर का छात्र था। सितंबर में शाहपुरा थाना पुलिस ने मारपीट के मामले में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
परिजनों का कहना है कि पिछले दो महीने से हर्षित की तबीयत खराब थी। उन्होंने कई बार आवेदन देकर उसे अस्पताल में भर्ती कराने की मांग की, लेकिन जेल प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया। पड़ोसी सुरेंद्र सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि जेल में रहने के दौरान हर्षित का स्वास्थ्य लगातार बिगड़ता गया और जेल प्रशासन ने कोर्ट को उसकी तबीयत ठीक होने की जानकारी दी।
सुरेंद्र के मुताबिक हर्षित निमोनिया से पीड़ित था। समय पर इलाज न मिलने से हालत गंभीर हो गई। बुधवार शाम उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, तब तक उसके फेफड़ों ने काम करना बंद कर दिया था। गुरुवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सुरेंद्र सिंह चौहान करणी सेना के संभाग अध्यक्ष हैं। उन्होंने कहा कि राजपूत समाज जेल प्रशासन की जिम्मेदारी तय करने की मांग कर रहा है। शुक्रवार तक कार्रवाई न होने पर पोस्टमार्टम के बाद शव रखकर प्रदर्शन किया जाएगा। हर्षित के परिवार में माता-पिता, एक भाई और बहन हैं। पिता गोदाम में काम करते हैं।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जेल सुपरिंटेंडेंट मानवेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि युवक को उल्टी-दस्त की शिकायत थी और लगातार उपचार चल रहा था। कोर्ट को भी इसकी जानकारी दी गई थी। मामला न्यायिक अभिरक्षा में मौत का है, इसलिए न्यायिक जांच होगी।
स्रोत: दैनिक भास्कर भोपाल
प्रतीकात्मक चित्र: Yann ( talk ) / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0
