देवास के जवान पवन यादव का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, गांव पोलाय जागीर में शोक
<a href="https://commons.wikimedia.org/wiki/File:War_bonnet_and_coup_sticks_given_to_the_World_War_I_Unknown_by_Plenty_Coups_Chief_of_the_Crow_Nation-_Tomb_of_the_Unknown_Soldier_-_Arlington_National_Cemetery_-_2012-05-19.jpg" target="_blank" rel="noopener nofollow">प्रतीकात्मक चित्र: Tim Evanson / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 2.0</a>
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में ड्यूटी के दौरान ऊंचाई से गिरने से जान गंवाने वाले देवास जिले के ग्राम पोलाय जागीर निवासी सेना के जवान पवन यादव (35) का पार्थिव शरीर देर शाम उनके पैतृक गांव पहुंचा। गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। रात में पुलिस और सेना के जवानों की मौजूदगी में पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। परिजन, ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी इस दौरान उपस्थित रहे।
अंतिम दर्शन के समय पत्नी शोभा यादव भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि पवन शेर की तरह थे और हमेशा उनके साथ रहेंगे। उन्होंने कहा कि पति ने हर कदम पर साथ रहने का वादा किया था। उन्होंने मातृभूमि की सेवा में प्राण न्योछावर करने वाले अपने पति को बार-बार सैल्यूट किया।
अंतिम संस्कार के लिए पवन यादव के पैतृक खेत में स्थल तैयार किया गया। पंचायत ने जेसीबी और रोटावेटर की मदद से खेत को समतल किया। ग्रामीण सुबह से ही व्यवस्थाओं में जुटे रहे और हर किसी ने सहयोग किया। पार्थिव शरीर गांव पहुंचने पर बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े। शव पहले घर ले जाया गया, जहां पुलिस जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। अंतिम संस्कार स्थल पर सेना के जवानों ने सैन्य सम्मान के साथ पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान गांव 'पवन यादव अमर रहें' के नारों से गूंज उठा।
परिजनों के मुताबिक, पवन यादव की छुट्टी मंजूर हो चुकी थी और वे एक दिन बाद घर आने वाले थे। निधन से कुछ घंटे पहले सुबह करीब 11 बजे उनकी पत्नी शोभा यादव से फोन पर बातचीत हुई थी, जिसमें उन्होंने परिवार का हालचाल जाना था। सेना की ओर से सबसे पहले पत्नी को मोबाइल पर निधन की सूचना दी गई, और कुछ देर बाद पिता चतरसिंह यादव को भी फोन पर यह दुखद खबर मिली।
पवन यादव ने भारतीय सेना में 14 साल 5 महीने तक सेवाएं दीं। उनके परिवार की आर्थिक स्थिति साधारण है और परिवार के पास करीब चार बीघा कृषि भूमि तथा कवेलू की छत वाला कच्चा मकान है। परिवार खेती-किसानी पर निर्भर है। पवन के चचेरे भाई चेतन यादव ने यह जानकारी दी। परिवार में बड़े भाई पंकज यादव और एक बहन हैं। पवन का विवाह इंदौर जिले के उषापुरा निवासी शोभा यादव से हुआ था।
स्रोत: अमर उजाला
प्रतीकात्मक चित्र: Tim Evanson / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 2.0
