दमोह में मिक्सी से करंट लगने से महिला की मौत, परिजनों में शोक
<a href="https://commons.wikimedia.org/wiki/File:Nit_bhopal_inside_road.jpg" target="_blank" rel="noopener nofollow">प्रतीकात्मक चित्र: Manishontop02 / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0</a>
दमोह जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र के धनगुआं गांव में गुरुवार रात घरेलू काम के दौरान करंट लगने से 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला की पहचान आनंद रानी यादव के रूप में हुई है, जो अपने घर में इलेक्ट्रिक मिक्सी से माठा बना रही थीं। इसी दौरान मशीन में करंट उतर आया और वह उसकी चपेट में आ गईं।
करंट लगने से महिला की हालत गंभीर हो गई। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने ईसीजी जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल है।
मृतका की पड़ोसी उमारानी ने बताया कि जब उन्हें सूचना दी गई तो वह मौके पर पहुंचीं, जहां घर में सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद परिजन महिला को गर्म कपड़े में लपेटकर अस्पताल ले गए। अस्पताल प्रबंधन ने शव को शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया।
शुक्रवार दोपहर कुम्हारी थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचनामा तैयार कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
स्रोत: अमर उजाला
प्रतीकात्मक चित्र: Manishontop02 / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0
