पन्ना में ऑटो चालक को 15 दिन में मिला 3.17 कैरेट का हीरा
<a href="https://commons.wikimedia.org/wiki/File:Majhgawan_Diamond_Mines_in_Panna,_MP,_India,_Asia%E2%80%99s_only_Diamond_mine._Is_is_a_centre_of_a_Volcano_that_erupted_millions_of_years_ago.jpg" target="_blank" rel="noopener nofollow">प्रतीकात्मक चित्र: Ajay Sud / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0</a>
मध्य प्रदेश के पन्ना में ऑटो चालक सोनू रैकवार की किस्मत चमक गई है। रानीपुर क्षेत्र में उनकी खदान से 3.17 कैरेट का हीरा निकला है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
सोनू रैकवार के पिता का नाम बाबूलाल रैकवार है और वह ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले 10 से 15 दिनों से उन्हें रात में हीरा मिलने के सपने आ रहे थे। परिवार की सलाह पर उन्होंने हीरा कार्यालय से पट्टा लिया और पहली बार रानीपुर क्षेत्र में उथली खदान शुरू की।
खदान में महज 15 दिनों की खुदाई के बाद उन्हें यह हीरा मिल गया। सोनू ने मिले हीरे को हीरा कार्यालय में जमा करा दिया है। हीरा पारखी अनुपम सिंह के अनुसार यह जेम्स क्वालिटी का हीरा है और बाजार में इसकी अच्छी मांग है। इसे आगामी नीलामी में शामिल किया जाएगा।
सोनू ने कहा कि नीलामी से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल वह आगे भी खदान लगाने में करेंगे। उनकी कोशिश बड़े हीरे की तलाश जारी रखने की है।
हीरा कार्यालय में अब तक कुल 175 हीरे जमा हो चुके हैं, जिनका कुल वजन 387.21 कैरेट है। इनकी अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 1 लाख रुपये बताई गई है और इन्हें आगामी नीलामी में रखा जाएगा।
स्रोत: अमर उजाला
प्रतीकात्मक चित्र: Ajay Sud / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0
