बांधवगढ़ में नर बाघ मृत मिला, जांच जारी
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर बफर क्षेत्र में एक नर बाघ का शव मिला है। यह शव बिजौरी सर्कल के देवरी-बी बीट में गश्ती के दौरान मिला। बाघ की अनुमानित उम्र 8 से 10 वर्ष है। मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण की प्रक्रिया के तहत कार्रवाई शुरू की। संदिग्ध गतिविधि की आशंका के चलते शहडोल से डॉग स्क्वाड बुलाया गया। मेटल डिटेक्टर से भी जंगल की तलाशी ली गई, लेकिन कुछ संदिग्ध नहीं मिला।
19 नवंबर को बाघ के शव का विच्छेदन किया गया। यह प्रक्रिया संजय टाइगर रिजर्व के डॉ. अभय सेंगर और मानपुर के डॉ. विपिन चन्द्र आदर्श ने पूरी की। विच्छेदन में बाघ के सभी अवयव, नाखून और दांत सुरक्षित पाए गए।
चिकित्सकों ने जांच के लिए नमूने एकत्र किए हैं, जिन्हें प्रयोगशाला भेजा जाएगा। नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह पता चल सकेगी। फिलहाल घटनास्थल और आसपास के जंगल में निगरानी और गश्ती जारी है।
इस दौरान वन संरक्षक अनुराग कुमार, उप संचालक योहान कटारा, एनटीसीए प्रतिनिधि डॉ. ज्ञानेंद्र प्रजापति सहित वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि और नायब तहसीलदार भी उपस्थित थे।
स्रोत: अमर उजाला
