इंदौर: एमजीएम कॉलेज के खिलाफ धरने पर बैठे कमल गोस्वामी के टेंट में तोड़फोड़, सामान चोरी
<a href="https://commons.wikimedia.org/wiki/File:Indore_City_Bus_route_7.JPG" target="_blank" rel="noopener nofollow">प्रतीकात्मक चित्र: Prateek Karandikar / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0</a>
इंदौर में एमजीएम मेडिकल कॉलेज और स्कूल ऑफ एक्सीलेंस फॉर आई हॉस्पिटल प्रबंधन के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता कमल गोस्वामी ने धरना स्थल पर तोड़फोड़ और सामान चोरी का आरोप लगाया है। एबी रोड स्थित कॉलेज के मुख्य द्वार के पास चल रहे इस धरने में कुछ असामाजिक तत्वों ने पोस्टर-बैनर फाड़े, टेंट में तोड़फोड़ की और वहां रखा सामान उठाकर ले गए।
गोस्वामी ने संयोगितागंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान करने और धरना समाप्त होने तक पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि पुलिस कमिश्नर और संभागायुक्त सहित अन्य अधिकारियों को भी भेजी गई है।
गोस्वामी के मुताबिक, 18 नवंबर की रात करीब 10 बजे कुछ लोग धरना स्थल पर पहुंचे और पोस्टर-बैनर फाड़ दिए तथा टेंट का सामान अस्त-व्यस्त कर दिया। 19 नवंबर की रात धरना स्थल से कुछ सामान उठाकर ले जाने का भी आरोप है। उन्होंने आशंका जताई कि इन घटनाओं के पीछे शांतिपूर्ण विरोध को बाधित करने की मंशा हो सकती है।
कमल गोस्वामी साधु-संतों के साथ एमजीएम मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। उनका आरोप है कि कॉलेज में फर्जी नियुक्तियां की गईं, अधिकारियों को गलत तरीके से प्रमोशन दिया गया और मेडिकल उपकरणों की खरीदी में अनियमितताएं हुई हैं। इन मुद्दों पर वह जांच और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
घटना के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया है। गोस्वामी ने पूरे घटनाक्रम की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
स्रोत: अमर उजाला
प्रतीकात्मक चित्र: Prateek Karandikar / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0
