महेश्वर में कार-ट्रॉले की टक्कर, मां-बेटे की मौत
<a href="https://commons.wikimedia.org/wiki/File:Truck_accident-India.JPG" target="_blank" rel="noopener nofollow">प्रतीकात्मक चित्र: Diego Delso / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0</a>
महेश्वर में धामनोद-बड़वाह मार्ग पर शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे एक कार और ट्रॉले की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में कार सवार मां और बेटे की मौत हो गई। दोनों शादी की खरीदारी करके घर लौट रहे थे।
मृतकों की पहचान करोंदिया निवासी स्वाती पाटीदार (45) और उनके बेटे मोनेश पाटीदार (25) के रूप में हुई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मोनेश उसमें फंस गया। उसे बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद लेनी पड़ी।
स्थानीय लोगों ने स्वाती को कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मोनेश को गंभीर चोटों के साथ अस्पताल लाया गया, लेकिन उसकी भी मौत हो गई। सीएचसी के मेडिकल ऑफिसर डॉ. कृष्णा दुबे ने बताया कि स्वाती को सुबह 11:45 बजे अस्पताल लाया गया था, जांच में उनकी पल्स नहीं मिली।
मोनेश ने एमबीए की पढ़ाई पूरी कर ली थी और उसकी शादी 26 जनवरी को मंडलेश्वर में तय हुई थी। घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं। इसी सिलसिले में मां और बेटा खरीदारी करने धामनोद गए थे।
मोनेश के पिता महेंद्र पाटीदार का निधन वर्ष 2019-20 में हो गया था। पिता के निधन के बाद परिवार में मां और इकलौता बेटा ही एक-दूसरे का सहारा थे। हादसे से करोंदिया सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
स्रोत: अमर उजाला
प्रतीकात्मक चित्र: Diego Delso / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0
