शहडोल में कोयला खदान सड़क के लिए तालाब पाटने का आरोप, ग्रामीण तीन दिन से धरने पर

0
शहडोल में कोयला खदान सड़क के लिए तालाब पाटने का आरोप, ग्रामीण तीन दिन से धरने पर

<a href="https://commons.wikimedia.org/wiki/File:Black_ibis_(Pseudibis_papilosa).jpg" target="_blank" rel="noopener nofollow">प्रतीकात्मक चित्र: Ajaynioding / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0</a>

शहडोल जिले की सीमा से लगे घुनघुटी क्षेत्र में बजरंग पावर की कोयला खदान तक सड़क बनाने के लिए गिठौरी गांव के निस्तारी तालाब में मिट्टी डालने का आरोप लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि कंपनी गांव के एकमात्र जलस्रोत को नुकसान पहुंचा रही है। विरोध में गांव के महिला-पुरुष तीन दिन से तालाब की मेड़ पर प्रदर्शन कर रहे हैं।

करीब 250 की आबादी वाले गांव के लोगों के मुताबिक, यह तालाब 50 साल से अधिक पुराना है और गांव की दैनिक जरूरतों और मवेशियों के लिए पानी का प्रमुख स्रोत है। तालाब के आसपास ग्रामीणों की खेती की जमीन भी है। आरोप है कि सड़क निर्माण के लिए तालाब में मिट्टी डालकर उसका स्वरूप बदल दिया गया है, जिससे भविष्य में पानी का संकट खड़ा हो सकता है।

प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि कंपनी चारागाह की जमीन पर कब्जा कर रही है। उन्होंने कहा कि तालाब और खेतों को नुकसान पहुंचने से आने वाली पीढ़ियों को भी परेशानी होगी। ग्रामीणों ने कंपनी के कर्मचारियों के साथ विवाद की स्थिति बनने के बाद घुनघुटी चौकी पहुंचकर कंपनी का काम बंद कराने की मांग की।

चौकी प्रभारी शैलेन्द्र चतुर्वेदी के अनुसार, विवाद को लेकर पहले भी कंपनी अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच बैठक कराई गई थी। कंपनी कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें खदान संचालन के लिए शासन से अनुमति मिली है। वहीं, ग्रामीणों का सवाल है कि खदान की अनुमति का मतलब गांव के एकमात्र जलस्रोत को पाटना कैसे हो सकता है। उन्होंने तालाब को नुकसान पहुंचाने का काम तत्काल रोकने की मांग की है।

शहडोल युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अनुपम गौतम ने कहा कि कोयला खदान के लिए जंगलों के पेड़ भी काटे जा रहे हैं, जिसका वे विरोध कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि शहडोल नगर के दर्जनों लोग तालाब को पाटने और पेड़ों की कटाई का विरोध करने के लिए लगातार मौके पर पहुंच रहे हैं।

स्रोत: अमर उजाला

प्रतीकात्मक चित्र: Ajaynioding / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *