सस्ते मकान-प्लॉट का झांसा देकर 25 करोड़ की ठगी, पति-पत्नी गिरफ्तार
<a href="https://commons.wikimedia.org/wiki/File:City_of_Lakes_Bhopal.jpg" target="_blank" rel="noopener nofollow">प्रतीकात्मक चित्र: NAZAARAEY / विकिमीडिया कॉमन्स, CC0</a>
भोपाल के अयोध्या नगर पुलिस ने सस्ते मकान, प्लॉट और फ्लैट दिलाने का झांसा देकर 40 से अधिक लोगों से 20 से 25 करोड़ रुपये की ठगी करने के आरोप में संदीप रमतानी और उसकी पत्नी संगीता को गिरफ्तार किया है। दोनों शुक्रवार रात पकड़े गए और पिछले दो साल से फरार थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सुरभि होम्स नाम से फर्म चलाते थे और मल्टी में पार्टनर बनाने का भरोसा देकर लोगों की संपत्तियां अपने नाम करा लेते थे। बैंक अधिकारियों से साठगांठ कर पीड़ितों के नाम पर लोन भी पास कराते थे। इनके खिलाफ भोपाल के अयोध्या नगर, चूनाभट्टी और पंजाब के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी के 15 मामले दर्ज हैं।
थाना प्रभारी महेश लिल्हारे ने बताया कि अयोध्या नगर में दर्ज तीन मामलों में गिरफ्तारी की गई है। पीड़िता इंदू गोस्वामी का आरोप है कि आरोपियों ने मल्टी में साझेदार बनाने के नाम पर उनसे करीब चार करोड़ रुपये लिए और पार्टनरशिप डीड पर फर्जी हस्ताक्षर कर उनके नाम पर बैंक से 1.50 करोड़ रुपये का लोन पास करा लिया। अब बैंक अधिकारी उनसे वसूली कर रहे हैं।
एक अन्य पीड़िता आशा गोस्वामी के मुताबिक, महर्षि स्कूल के सामने उनका सात हजार वर्गफीट का प्लॉट है। 2014 में योगेंद्र राजपूत ने यहां मल्टी बनाने के लिए 50-50 प्रतिशत साझेदारी की और संदीप भी पार्टनर बना। आरोप है कि संदीप ने दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराकर मकान अपने नाम कराया और 38 लाख का लोन लिया। फर्जी डीड से पत्नी संगीता के नाम पावर ऑफ अटॉर्नी बनवाई, जिसके बाद संगीता ने मकान दो लोगों को बेच दिया।
स्रोत: दैनिक भास्कर भोपाल
प्रतीकात्मक चित्र: NAZAARAEY / विकिमीडिया कॉमन्स, CC0
