उमरिया में बेमौसम बारिश से धान किसानों की चिंता बढ़ी, नुकसान के सर्वे की मांग
<a href="https://commons.wikimedia.org/wiki/File:Green_Paddy_field_in_Dibrugarh,Assam,India.jpg" target="_blank" rel="noopener nofollow">प्रतीकात्मक चित्र: Nilotpal Hazarika123 / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0</a>
उमरिया जिले में शनिवार को ठंडी हवाओं के साथ रुक-रुककर हुई बेमौसम बारिश ने धान उत्पादक किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। इस समय जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों में धान की कटाई और मिंजाई का काम अंतिम दौर में है। कुछ किसानों ने फसल काटकर खेतों में ही रखी है, तो कई जगह मिंजाई नहीं हो पाई है, जबकि अनेक खेतों में फसल अभी खड़ी हुई है।
खुले में रखी धान के भीगने से दानों में नमी बढ़ने, रंग बदलने और गुणवत्ता खराब होने की आशंका है। इसका सीधा असर किसानों को मिलने वाले बाजार भाव पर पड़ सकता है। किसानों को डर है कि यदि मौसम इसी तरह बिगड़ा रहा तो उनकी महीनों की मेहनत और खेती में लगाई गई पूंजी पर पानी फिर सकता है।
किसानों के सामने सबसे बड़ी चिंता उनकी लागत को लेकर है। खेती के पूरे सीजन में खाद, बीज, कीटनाशक, डीजल, सिंचाई और मजदूरी पर बड़ी रकम खर्च करनी पड़ती है। कई किसान साहूकारों और बैंकों से कर्ज लेकर फसल तैयार करते हैं। ऐसे में यदि कटाई के समय बारिश से उपज खराब होती है तो किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
बारिश से भीगी धान को सुखाने और सुरक्षित रखने में किसानों को अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ेगी। यदि उपज में नमी अधिक रही तो खरीदी केंद्रों पर गुणवत्ता संबंधी मानकों के कारण किसानों को परेशानी हो सकती है। वहीं बाजार में भी खराब गुणवत्ता वाली धान का उचित मूल्य मिलना मुश्किल हो सकता है।
बेमौसम बारिश के बाद अब किसानों की निगाहें मौसम के अगले रुख पर टिकी हैं। किसानों ने प्रशासन से ग्रामीण क्षेत्रों में फसलों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने और नुकसान का निष्पक्ष सर्वे कराकर नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।
स्रोत: अमर उजाला
प्रतीकात्मक चित्र: Nilotpal Hazarika123 / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0
