ग्वालियर टेलीकॉम जोन के लिए आईटीआई और पॉलिटेक्निक के कोर्स बदलेगी सरकार
<a href="https://commons.wikimedia.org/wiki/File:Magnificent_view_of_Gwalior_city_from_Gwalior_Fort_2011-08-14_02.jpg" target="_blank" rel="noopener nofollow">प्रतीकात्मक चित्र: Geek 007 / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 3.0</a>
ग्वालियर में विकसित हो रहे टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन (टीएमजेड) को उत्तर भारत में टेलीकॉम उपकरणों के निर्माण और टेस्टिंग का सबसे बड़ा हब बनाया जा रहा है। इस जोन में आने वाली कंपनियों को स्थानीय स्तर पर कुशल मानव संसाधन उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार एक नई व्यवस्था पर काम कर रही है। इसके तहत प्रदेश के आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थानों में कंपनियों की जरूरतों के अनुसार विशेष कोर्स तैयार किए जाएंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को पढ़ाई पूरी होते ही सीधे रोजगार मिल सके।
मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने बताया कि टेलीकॉम सेक्टर की आधुनिक तकनीकों को ध्यान में रखते हुए उद्योगों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच सीधा समन्वय स्थापित किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि ग्वालियर के टेलीकॉम जोन में आने वाली कंपनियों को प्रशिक्षित स्टाफ के लिए बाहर न देखना पड़े। इसके लिए आईटीआई और पॉलिटेक्निक के पाठ्यक्रमों को इंडस्ट्री की मांग के मुताबिक ढाला जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सुनिश्चित होंगे।
उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई ने बताया कि 30 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की उपस्थिति में इस परियोजना का एमओयू हुआ था। 1 सितंबर 2026 को कंपनी का गठन किया गया और ढाई महीने की रिकॉर्ड अवधि में 19 नवंबर को निवेशकों को भूमि आवंटन के आशय पत्र सौंप दिए गए। पहले चरण में 170 एकड़ भूमि के लिए 5,700 करोड़ रुपये के निवेश वाले 50 प्रस्ताव प्राप्त हुए थे, जिनमें से 25 उद्योगों का चयन किया गया है। इन कंपनियों से 3,611 करोड़ रुपये का प्रतिबद्ध निवेश आ रहा है, जिससे 15,259 युवाओं को प्रत्यक्ष और करीब 45 से 50 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।
पहले चरण में उपलब्ध भूमि से ढाई गुना अधिक मांग आने के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर दूसरे चरण के लिए 450 एकड़ अतिरिक्त भूमि चिह्नित की गई। साडा ग्वालियर, जिला प्रशासन और अन्य विभागों से 40 दिनों के भीतर सभी अनुमतियां प्राप्त कर मंदसौर के गांधीसागर में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में इसके हस्तांतरण को मंजूरी दी गई। कैबिनेट की स्वीकृति के 24 घंटे के भीतर ही दूसरे चरण के लिए एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआई) पोर्टल लॉन्च कर दिया गया है। दूसरे चरण के लिए अब तक 700 एकड़ भूमि की मांग आ चुकी है और 16 इकाइयां प्रतीक्षा सूची में हैं।
दूसरे चरण में भी पहले चरण का निवेश पैकेज यथावत रखा गया है। इसके तहत निवेशकों को मात्र 1 रुपये में भूमि और 30 वर्षों के लिए 1 रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर से लीज रेंट पर जमीन दी जा रही है। इसके अलावा 100 प्रतिशत स्टैंप ड्यूटी छूट, बिजली टैरिफ पर 5 साल तक 2 रुपये प्रति यूनिट की अतिरिक्त छूट, 50 प्रतिशत कैपिटल सब्सिडी और कंपनी द्वारा रखे जाने वाले प्रत्येक कर्मचारी के लिए सरकार की ओर से 5,000 रुपये प्रति माह का रीएंबर्समेंट दिया जाएगा। इस परियोजना से प्रति वर्ष लगभग 1,800 करोड़ रुपये के निर्यात, 1,500 करोड़ रुपये की जीएसवीए वृद्धि और 500 करोड़ रुपये के वार्षिक जीएसटी राजस्व का अनुमान है।
स्रोत: दैनिक भास्कर भोपाल
प्रतीकात्मक चित्र: Geek 007 / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 3.0
