हाईकोर्ट ने अतिथि विद्वानों के लिए अलग कैडर बनाने पर विचार करने को कहा

0
हाईकोर्ट ने अतिथि विद्वानों के लिए अलग कैडर बनाने पर विचार करने को कहा

<a href="https://commons.wikimedia.org/wiki/File:Column_of_Heliodorus_8-05.jpg" target="_blank" rel="noopener nofollow">प्रतीकात्मक चित्र: Michael Gunther / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0</a>

मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने सरकारी कॉलेजों में लंबे समय से कार्यरत अतिथि विद्वानों के समायोजन के लिए अलग कैडर बनाने के सुझाव पर विचार करने का निर्देश राज्य सरकार को दिया है। जस्टिस विवेक रूसिया और जस्टिस प्रदीप मित्तल की युगलपीठ ने यह आदेश अतिथि विद्वानों की ओर से दायर अपीलों पर सुनवाई करते हुए दिया। पीठ ने स्पष्ट किया कि मौजूदा भर्ती नियमों के तहत अतिथि विद्वानों को सीधे नियमित करने का प्रावधान नहीं है, इसलिए उनकी अपीलें निरस्त कर दी गईं।

अपीलकर्ताओं में सतना निवासी डॉ. जितेंद्र कुमार शुक्ला, डॉ. भवानी सिंह, डॉ. कमल प्रताप सिंह, डॉ. विनायक सिंह तोमर, बीना फर्नांडिस, डॉ. अनुपमा अग्निहोत्री और डॉ. सरस्वती दुबे सहित अन्य शामिल थे। उन्होंने कहा था कि वे विभिन्न सरकारी कॉलेजों में सहायक प्राध्यापक, क्रीड़ा अधिकारी और ग्रंथपाल के पदों पर करीब 10 से 30 वर्षों से सेवाएं दे रहे हैं। उनकी नियुक्तियां विज्ञापन और चयन प्रक्रिया से हुई थीं तथा वे निर्धारित शैक्षणिक योग्यताएं भी रखते हैं, लेकिन उन्हें नियमित कर्मचारियों जैसी सुविधाएं नहीं मिल रहीं।

अपीलकर्ताओं ने नियमितीकरण, समान काम के लिए समान वेतन और सेवा सुरक्षा की मांग की थी। राज्य सरकार ने दलील दी कि मध्य प्रदेश शैक्षणिक सेवा भर्ती नियम, 1990 में अतिथि विद्वानों के नियमितीकरण का कोई प्रावधान नहीं है। सरकार ने यह भी कहा कि सीधे नियमितीकरण से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए निर्धारित आरक्षण व्यवस्था का उल्लंघन हो सकता है।

युगलपीठ ने अपने आदेश में कहा कि प्रदेश के 571 सरकारी कॉलेजों में करीब 12 हजार स्वीकृत पद हैं, जबकि अतिथि विद्वानों की संख्या 300 से भी कम बताई गई है। अदालत ने यह भी उल्लेख किया कि कई अतिथि विद्वानों की उम्र निकल चुकी है और वे सामान्य भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने की पात्रता खो चुके हैं। अतिथि विद्वानों को करीब 50 हजार रुपये मानदेय मिलता है, जबकि नियमित प्राध्यापकों का वेतन एक लाख रुपये से अधिक है, और उन्हें पीएफ व ग्रेच्युटी जैसी सुविधाएं भी नहीं मिलतीं।

अदालत ने कहा कि निर्धारित भर्ती प्रक्रिया और आरक्षण व्यवस्था का पालन किए बिना अतिथि विद्वानों को नियमित पदों पर नियुक्त करने का आदेश नहीं दिया जा सकता। हालांकि, अपीलों का निराकरण करते हुए पीठ ने राज्य सरकार को 10 जुलाई 2016 की दैनिक वेतनभोगी स्थाई कर्मी नीति की तर्ज पर अतिथि विद्वानों के लिए अलग कैडर बनाकर समायोजन की व्यवस्था पर विचार करने का सुझाव दिया।

स्रोत: अमर उजाला

प्रतीकात्मक चित्र: Michael Gunther / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

हो सकता है आप चूक गए हों