भोपाल में युवा कांग्रेस का मेटा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन, जुकरबर्ग का पुतला जलाया
<a href="https://commons.wikimedia.org/wiki/File:Protest_Rally_Against_DOW,_Bhopal.JPG" target="_blank" rel="noopener nofollow">प्रतीकात्मक चित्र: Abhishek727 Abhishek Mishra / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 3.0</a>
भोपाल में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मेटा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। शहर के बोर्ड ऑफिस चौराहे पर जिला अध्यक्ष अमित खत्री के नेतृत्व में दर्जन भर से अधिक कार्यकर्ता एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने मेटा के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग का पुतला बनाकर उसका दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और मेटा पर केंद्र सरकार के दबाव में काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने 'बीजेपी का बेटा-मेटा है' जैसे नारे लगाए। इस दौरान चौराहे पर कुछ देर के लिए गहमागहमी का माहौल बना रहा।
युवा कांग्रेस के जिला महासचिव अभय रामभक्त ने कहा कि मेटा एक कॉर्पोरेट कंपनी है और उसे निष्पक्ष होकर काम करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले छह महीनों से मेटा विपक्ष की आवाज दबा रहा है और अब बीजेपी की पीआर टीम की तरह काम कर रहा है।
यह विरोध देश भर में युवा कांग्रेस के अकाउंट्स पर कार्रवाई के बाद हुआ है। हाल ही में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट्स को भारत में प्रतिबंधित कर दिया गया था। मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस का आधिकारिक सोशल मीडिया पेज भी बंद कर दिया गया था।
अभय रामभक्त ने बताया कि करीब 15 दिन पहले उनकी खुद की आधिकारिक आईडी भी बिना कारण सस्पेंड कर दी गई थी। उन्होंने चेतावनी दी कि युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मेटा को सभी प्रतिबंधित अकाउंट्स बहाल करने के लिए 7 दिनों का अल्टीमेटम दिया है। यदि एक सप्ताह के भीतर मेटा ने अपनी नीतियों में सुधार नहीं किया, तो पूरे देश में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
स्रोत: दैनिक भास्कर भोपाल
प्रतीकात्मक चित्र: Abhishek727 Abhishek Mishra / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 3.0
