रविदास जयंती पर भाजपा निकालेगी दो सामाजिक समरसता यात्राएं, शिवपुरी और सागर से होंगी शुरू

0
रविदास जयंती पर भाजपा निकालेगी दो सामाजिक समरसता यात्राएं, शिवपुरी और सागर से होंगी शुरू

<a href="https://commons.wikimedia.org/wiki/File:BJP_rally_Mangalore.jpg" target="_blank" rel="noopener nofollow">प्रतीकात्मक चित्र: Al Jazeera / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 2.0</a>

गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी सामाजिक समरसता संकल्प यात्रा का आयोजन करेगी। 25 से 30 नवंबर के बीच मध्य प्रदेश से उत्तर प्रदेश तक दो उपयात्राएं निकलेंगी। पहली यात्रा शिवपुरी से इटावा तक और दूसरी सागर से कानपुर तक जाएगी।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल की सहमति से इन यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। शिवपुरी से इटावा तक निकलने वाली उपयात्रा 29 नवंबर को शाम 4 बजे इटावा में मुख्य यात्रा में शामिल होगी।

शिवपुरी से इटावा तक की उपयात्रा मध्य प्रदेश के शिवपुरी, दतिया, ग्वालियर ग्रामीण, ग्वालियर और भिंड जिलों से गुजरेगी। वहीं, सागर से कानपुर तक की उपयात्रा सागर, टीकमगढ़, झांसी और उरई होते हुए कानपुर पहुंचेगी।

शिवपुरी से इटावा तक की उपयात्रा के संयोजक प्रदेश मंत्री लोकेन्द्र पाराशर को बनाया गया है। सह संयोजकों में अजा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री रामस्वरूप शुक्रवारे, प्रदेश मंत्री डॉ. जगदीश चौहान, शिवपुरी जिला महामंत्री योगेंद्र सिंह रघुवंशी, पूर्व दतिया जिला अध्यक्ष विक्रम सिंह बुंदेला, ग्वालियर ग्रामीण जिला मंत्री विष्णुदत्त पाठक, अजा मोर्चा के जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश धनोल और भिंड जिला महामंत्री मनोज अनंत शामिल हैं।

सागर से कानपुर तक की उपयात्रा के संयोजक शहडोल संभाग प्रभारी गौरव सिरोठिया को नियुक्त किया गया है। सह संयोजकों में राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजा मोर्चा सूरज कैरो, विधायक प्रदीप लारिया, प्रदेश महामंत्री अजा मोर्चा कृष्णा चौधरी, जिला प्रभारी पन्ना जाहर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष अजा मोर्चा भगवती प्रसाद शिंदे, सागर जिला महामंत्री चेतराम अहिरवार और टीकमगढ़ जिला उपाध्यक्ष रामगोपाल चौरसिया हैं। इसके अलावा 26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक छात्रावास संपर्क अभियान भी चलाया जाएगा, जिसके संयोजक प्रदेश अध्यक्ष अजा मोर्चा भगवान सिंह परमार होंगे।

स्रोत: दैनिक भास्कर भोपाल

प्रतीकात्मक चित्र: Al Jazeera / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 2.0

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

हो सकता है आप चूक गए हों