जनगणना-2027 की तैयारियों में ढिलाई बर्दाश्त नहीं: मुख्य सचिव बर्णवाल

0
जनगणना-2027 की तैयारियों में ढिलाई बर्दाश्त नहीं: मुख्य सचिव बर्णवाल

प्रतीकात्मक चित्र: Suyash.dwivedi / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0

मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर कलेक्टरों और संभागायुक्तों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जनगणना में जरा सी चूक के गंभीर परिणाम हो सकते हैं, इसलिए कलेक्टर फील्ड ट्रेनर्स की ट्रेनिंग खुद अटेंड करें और जिम्मेदारी अधीनस्थ अधिकारियों पर न छोड़ें। शहरी क्षेत्रों में नगर निगम कमिश्नर भी इसकी कमान संभालें और नियमित निगरानी करें।

मुख्य सचिव बुधवार को भोपाल स्थित आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर आयोजित राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश और प्रदेश की हर बड़ी योजना का आधार होते हैं। करीब 130 से 135 करोड़ लोगों के लिए नीतियां और योजनाएं बनाने में इन आंकड़ों की अहम भूमिका है।

बर्णवाल ने कहा कि जनगणना के महत्व को देखते हुए उन्होंने दिल्ली की दो महत्वपूर्ण बैठकें छोड़कर इस कार्यक्रम को प्राथमिकता दी है। यह ऐसा काम है, जिसकी गुणवत्ता में किसी तरह की ढील स्वीकार नहीं की जा सकती। कई कलेक्टरों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ने की अनुमति दी गई है, लेकिन उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वे बैठक के दौरान किसी दूसरे काम में व्यस्त न रहें।

प्रशिक्षण के उद्घाटन सत्र में एसीएस होम संजय शुक्ल और भारत सरकार के जनगणना उप महानिदेशक विश्वजीत दास ने भी संबोधन दिया। मुख्य सचिव ने कहा कि जनगणना के दूसरे चरण में सबसे पहले फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षित किया जाएगा। कलेक्टर इस प्रक्रिया में खुद शामिल हों, ताकि पूरी प्रशासनिक मशीनरी को गंभीरता का संदेश मिले। संभागायुक्त भी अपने-अपने संभाग में काम की व्यक्तिगत निगरानी करें।

बर्णवाल ने कहा कि जनगणना को अब केवल जनसंख्या, साक्षरता और एससी-एसटी के आंकड़ों तक सीमित करके नहीं देखना चाहिए। विस्तृत जनगणना आंकड़ों का इस्तेमाल एआई के जरिए नीतियां बनाने, रोजगार के अवसरों और कौशल विकास कार्यक्रमों की योजना तैयार करने में किया जा सकता है। उन्होंने महिला वर्कफोर्स की भागीदारी का उदाहरण देते हुए कहा कि विकसित देशों में यह आंकड़ा करीब 50% तक है, जबकि दक्षिण कोरिया और दक्षिण-पूर्व एशिया के कुछ देशों में यह 50 से 70-75% तक पहुंचा है।

स्रोत: दैनिक भास्कर भोपाल

प्रतीकात्मक चित्र: Suyash.dwivedi / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *