भोपाल में शादियों के भोजन की जांच करेंगे फूड इंस्पेक्टर
प्रतीकात्मक चित्र: Shivee Aswal Butola / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0
भोपाल में खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग की टीमें मैरिज गार्डन, होटलों के बैंक्वेट हॉल और कैटरिंग व्यवसायों पर औचक निरीक्षण करेंगी। यह जांच शादियों के सीजन में भोजन की गुणवत्ता, एक्सपायर खाद्य सामग्री और खाद्य सुरक्षा लाइसेंस की जांच के लिए की जा रही है। देवउठनी एकादशी के साथ शादियों का दौर शुरू हो गया है और अगले दो से तीन महीनों तक शहर के मैरिज गार्डन में बुकिंग फुल है, जहां प्रतिदिन लाखों मेहमान भोजन करेंगे।
सभी खाद्य कारोबार संचालकों के लिए नियमानुसार खाद्य सुरक्षा लाइसेंस प्राप्त करना और निर्धारित स्वच्छता मानकों का पालन करना अनिवार्य है। बिना लाइसेंस के खाद्य कारोबार संचालित पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आवश्यक होने पर खाद्य कारोबार पर प्रतिबंध लगाते हुए प्रतिष्ठान का संचालन बंद कराने की कार्रवाई भी की जाएगी।
इससे पहले बैरागढ़ चीचली कोलार रोड स्थित आम्र पैलेस में टीम ने जांच की। मंगलवार को हुई जांच में पाया गया कि बिना खाद्य सुरक्षा अनुज्ञप्ति के कैटरिंग और बैंक्वेट हॉल के माध्यम से खाद्य कारोबार संचालित हो रहा था। प्रतिष्ठान में उपलब्ध बिलों और अभिलेखों से पता चला कि वर्ष 2025 से लगातार यह कारोबार किया जा रहा था, जबकि निरीक्षण के समय खाद्य सुरक्षा लाइसेंस उपलब्ध नहीं था।
प्रतिष्ठान के कैंटीन और भोजन निर्माण क्षेत्र में उचित साफ-सफाई का अभाव तथा सेनेटरी और हाइजीनिक परिस्थितियां असंतोषजनक पाई गईं। खाद्य सामग्री के रूप में रखे ब्रेड और पाव की उपयोग अवधि समाप्त पाई गई। प्रतिष्ठान के पास गुमास्ता और जीएसटी पंजीयन उपलब्ध थे, लेकिन खाद्य कारोबार संचालन के लिए आवश्यक खाद्य सुरक्षा लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया गया।
निरीक्षण के समय परिसर में कोलार निवासी हर्ष मिश्रा के परिवार का विवाह समारोह आयोजित हो रहा था। समारोह में परोसे जाने के लिए तैयार खाद्य पदार्थों में से पनीर और गुलाब जामुन के नमूने लिए गए। इसके अलावा टीम ने कोलार रोड स्थित दीपक साहू किराना प्रतिष्ठान का भी निरीक्षण किया, जहां खाद्य सुरक्षा विनियमों का उल्लंघन और अनियमितताएं पाई गईं। वहां बेसन और धनिया पाउडर के नमूने संग्रहित किए गए तथा स्वच्छता और हाइजीनिक मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए सुधार सूचना पत्र जारी किया गया।
स्रोत: दैनिक भास्कर भोपाल
प्रतीकात्मक चित्र: Shivee Aswal Butola / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0
