संविधान दिवस पर सीएम ने कांग्रेस पर लगाए आरोप, विजयवर्गीय बोले- असहमति जरूरी लेकिन अराजकता नहीं
प्रतीकात्मक चित्र: MPGuy2824 / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0
गुरुवार को मध्यप्रदेश विधानसभा में संविधान उत्सव-2026 मनाया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर संविधान के मूल भाव से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने करीब 100 बार संविधान के मूल भाव को तोड़ने-मरोड़ने का काम किया और 90 से ज्यादा बार चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त करने का पाप भी उसी के सिर है।
सीएम ने कांग्रेसी नेताओं के हाथ में संविधान की प्रति देखकर कहा कि लगता है, 'चलनी कहे सूप से कि देख तेरे में छेद है।' उन्होंने आपातकाल, शाहबानो प्रकरण और 1988 के प्रेस अधिनियम का उल्लेख करते हुए कांग्रेस के शासनकाल पर सवाल उठाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 26 नवंबर को पूरे देश में संविधान दिवस मनाया जा रहा है। संविधान 1949 में अंगीकार किया गया था और 1950 में लागू हुआ। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के नेतृत्व में संविधान निर्माण में योगदान देने वाली मध्यप्रदेश की विभूतियों की प्रदर्शनी लगाई गई है।
संविधान के इतिहास का उल्लेख करते हुए सीएम ने कहा कि 1950 में संविधान लागू होने के एक साल बाद ही पहला संशोधन कर दिया गया। उन्होंने 1954 में संसद में चर्चा के बिना संशोधन किए जाने का भी आरोप लगाया। कांग्रेस के विरोध प्रदर्शनों पर उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने बार-बार संविधान का मखौल उड़ाया, उसके नेता आज संविधान की प्रति लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
वहीं संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति जरूरी है, लेकिन संविधान सड़क पर अराजकता की अनुमति नहीं देता। उन्होंने कहा कि चौराहे पर संवाद की चुनौती देने वाले लोग संसद और विधानसभा में चर्चा से भागते हैं। विजयवर्गीय ने आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय संविधान की आत्मा की हत्या हुई थी।
स्रोत: दैनिक भास्कर भोपाल
प्रतीकात्मक चित्र: MPGuy2824 / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0
