गंधवानी में भोज के दौरान अव्यवस्था, वीडियो आए सामने; सीएम ने विधायक के भाषण पर चुटकी ली
प्रतीकात्मक चित्र: Yann ( talk ) / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0
मध्य प्रदेश में विधानसभा में नेता प्रतिक्ष उमंग सिंघार ने हाल ही में अपने विधानसभा क्षेत्र धार जिले के गंधवानी में दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया था। इस कार्यक्रम में सामूहिक भोज भी रखा गया था। अब इस दौरान फैली अव्यवस्था के वीडियो सामने आए हैं।
वीडियो में लोग खाने पर टूटते नजर आ रहे हैं। खाना लेने की होड़ में धक्का-मुक्की होती दिखाई दे रही है। इस बीच एक शख्स सब्जी के बड़े तपेले में ही गिर पड़ा। कई लोग थालियों में जितना समा सके, उतना खाना भरकर इधर-उधर जाते नजर आए।
बताया जा रहा है कि करीब 30 से 40 हजार लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी। इस भोज में मटन-चिकन भी शामिल था। बताया गया कि करीब 23 क्विंटल मटन और 6 क्विंटल चिकन मंगवाया गया था।
अब लोग इन वीडियो पर चुटकी ले रहे हैं। कह रहे हैं कि भीड़ जुटाना, भंडारा कराना और भोजन कराना नेताओं के लिए लोगों को जोड़ने का फॉर्मूला बन गया है, जो विकास कार्यों पर भारी पड़ रहा है। जनता को जोड़ने के लिए नेता ऐसे आयोजन तो करते हैं, लेकिन यहां जनता धक्के खाती नजर आती है।
इस बीच, सीहोर जिले के भेरुंदा में विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए। यहां स्थानीय भाजपा विधायक रमाकांत भार्गव ने भी भाषण दिया। विधायक ने करीब 8 मिनट तक अपनी बात रखी, लेकिन भाषण की रफ्तार धीमी रही। जब सीएम डॉ. मोहन यादव के बोलने की बारी आई तो उन्होंने विधायक के भाषण को लेकर कहा- रमाकांत भार्गव जी इतने धीर-गंभीर होकर भाषण दे रहे थे, जैसे शांत समुद्र में कोई जहाज तैरते हुए जा रहा हो। आराम से, धीरे-धीरे। सीएम के इस अंदाज पर कार्यक्रम में ठहाके गूंजे और तालियां भी बजीं।
स्रोत: दैनिक भास्कर भोपाल
प्रतीकात्मक चित्र: Yann ( talk ) / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0
