मंत्री विजय शाह के खिलाफ मुकदमे पर राज्यपाल की मंजूरी से इनकार, सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई टाली

0
मंत्री विजय शाह के खिलाफ मुकदमे पर राज्यपाल की मंजूरी से इनकार, सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई टाली

प्रतीकात्मक चित्र: Subhashish Panigrahi / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0

मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह के खिलाफ फिलहाल मुकदमा नहीं चलेगा। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने उनके खिलाफ अभियोजन की मंजूरी देने से इनकार कर दिया है। शनिवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने यह जानकारी दी। सरकार ने बताया कि राज्यपाल ने कैबिनेट की अनुशंसा पर यह फैसला लिया है।

मामला जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ के सामने आया था। जानकारी मिलने के बाद कोर्ट ने सुनवाई टाल दी। पीठ ने कहा कि यदि राज्यपाल मुकदमा चलाने की अनुमति नहीं देते हैं, तो पीड़ित पक्ष या बयान से प्रभावित व्यक्ति इस फैसले को चुनौती दे सकते हैं।

कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि पहले तीन जजों की बेंच इस मामले की सुनवाई कर रही थी, इसलिए आगे भी वही बेंच सुनवाई करेगी। अगली तारीख अभी तय नहीं हुई है।

सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्री ने 27 नवंबर को तैयार ऑफिस रिपोर्ट में बताया था कि 31 अगस्त और 9 अक्टूबर 2026 के आदेशों के बावजूद राज्य सरकार ने राज्यपाल के फैसले से जुड़ा कोई दस्तावेज या रिपोर्ट जमा नहीं की थी। 9 अक्टूबर को राज्य की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल केएम नटराज ने राज्यपाल के फैसले पर स्पष्टता के लिए दो सप्ताह का समय मांगा था। इसके बाद सुनवाई के लिए 28 नवंबर की तारीख तय की गई थी। शनिवार को सरकार ने मौखिक रूप से राज्यपाल के फैसले की जानकारी दी।

अगस्त 2026 में मध्य प्रदेश कैबिनेट ने विजय शाह के खिलाफ मुकदमा चलाने की अभियोजन स्वीकृति नहीं देने की अनुशंसा की थी। इसके बाद राज्यपाल ने कैबिनेट की अनुशंसा स्वीकार करते हुए मंजूरी देने से इनकार कर दिया। एसआईटी ने मामले की जांच पूरी कर सुप्रीम कोर्ट में सीलबंद रिपोर्ट सौंपी थी। जांच के बाद मंत्री के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए अभियोजन स्वीकृति मांगी गई थी। सुप्रीम कोर्ट राज्य सरकार से इस पर जल्द फैसला लेने को कह चुका था।

स्रोत: दैनिक भास्कर भोपाल

प्रतीकात्मक चित्र: Subhashish Panigrahi / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY-SA 4.0

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *