ट्विशा केस: भोपाल कोर्ट में सुरक्षा और जांच समय पर बहस
<a href="https://www.flickr.com/photos/10208972@N04/4871114885" target="_blank" rel="noopener nofollow">प्रतीकात्मक चित्र: www.beontheroad.com / flickr, CC BY 2.0</a>
भोपाल के ट्विशा शर्मा डेथ केस में गुरुवार को भोपाल कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान आरोपियों की जेल में सुरक्षा का मुद्दा उठा। पति समर्थ सिंह की ओर से पैरवी कर रहे वकील ने सीबीआई को अग्रिम जांच पूरी करने के लिए 60 दिन का अतिरिक्त समय देने का विरोध किया।
वकील ने अदालत में एक अन्य आवेदन पेश कर समर्थ और उसकी मां गिरिबाला सिंह की जेल में सुरक्षा पर सवाल उठाए। वकील ने बताया कि दोनों को सामान्य कैदियों के साथ रखा गया है, जिससे उनकी सुरक्षा को खतरा हो सकता है। इस आवेदन पर जेल प्रशासन की ओर से प्रतिवेदन पेश किया गया, जिसमें गिरिबाला सिंह के जेल में दिए गए बयान भी अदालत के सामने रखे गए।
जेल प्रशासन के मुताबिक, गिरिबाला ने जेल में किसी तरह की परेशानी होने से इनकार किया है। वहीं समर्थ सिंह को आम कैदियों से अलग रखने की जानकारी दी गई। प्रशासन ने बताया कि समर्थ की सुरक्षा के लिए चार भरोसेमंद बंदियों की निगरानी में उनके साथ रखा गया है।
सुनवाई के दौरान समर्थ सिंह के वकील ने सीबीआई की ओर से मांगे गए 60 दिन के अतिरिक्त समय का विरोध किया। सीबीआई ने भोपाल कोर्ट में आवेदन पेश कर अग्रिम जांच पूरी करने के लिए यह मोहलत मांगी है। एजेंसी का कहना है कि मामले में दहेज प्रताड़ना और दहेज मृत्यु के पहलुओं पर जांच अभी जारी है।
सीबीआई के मुताबिक, ट्विशा के आईफोन से डेटा एक्सट्रैक्शन कराया जाना बाकी है। एजेंसी को उम्मीद है कि इससे मामले से जुड़ी महत्वपूर्ण सामग्री और अन्य लोगों की भूमिका के बारे में जानकारी मिल सकती है। इसके अलावा आरोपियों के घर से जब्त डीवीआर के सीसीटीवी फुटेज की फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट भी लंबित है। मामले में अगली सुनवाई 23 नवंबर को होगी।
स्रोत: दैनिक भास्कर भोपाल
प्रतीकात्मक चित्र: www.beontheroad.com / flickr, CC BY 2.0
