भोपाल में 17.90 लाख की लूट के 5 आरोपी गिरफ्तार, 13.50 लाख नकद बरामद
<a href="https://www.flickr.com/photos/44124324682@N01/328261575" target="_blank" rel="noopener nofollow">प्रतीकात्मक चित्र: mharrsch / flickr, CC BY 2.0</a>
भोपाल के ईटखेड़ी इलाके में एक बकरा कारोबारी से 17.90 लाख रुपए की लूट करने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने करीब 1000 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता पाई। गिरफ्तार आरोपियों से लूटी गई रकम में से 13.50 लाख रुपए नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, फरियादी मुबीन (36) निवासी देवकी नगर, निशातपुरा बकरों का व्यापार करते हैं और जीरापुर से बकरे खरीदकर हैदराबाद और चेन्नई में बेचते हैं। 17 नवंबर की सुबह करीब 5:45 बजे वे घर से 17.90 लाख रुपए लेकर बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल से लांबाखेड़ा बायपास स्थित अकरम भाई की पार्किंग जा रहे थे, जहां उनका किराए का आयशर ट्रक खड़ा था। इसी ट्रक से उन्हें बकरों की खरीदारी के लिए जीरापुर जाना था। रास्ते में लांबाखेड़ा पेट्रोल पंप ब्रिज के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और झूमाझटकी कर उनका पिट्ठू बैग छीन लिया, जिसमें 17.90 लाख रुपए रखे थे। वारदात के बाद आरोपी परेवाखेड़ा की तरफ भाग निकले।
पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पाण्डेय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित कीं। बदमाशों की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले मोहम्मद इब्राहिम को भोपाल से हिरासत में लेकर पूछताछ की। उससे मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने मोहम्मद इकबाल, आरिफ बाबा, तनवीर और अरशद बब्बा को राजस्थान से पकड़ा। पांचों को भोपाल लाकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 13.50 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा लूट के पैसों से राजस्थान के कोटा मार्केट से खरीदे गए करीब 40 हजार रुपए के कपड़े, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और फरारी के लिए इस्तेमाल हुंडई क्रेटा कार भी जब्त की गई है। जब्त मशरूके की कुल कीमत करीब 33.40 लाख रुपए बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भोपाल के अलग-अलग थानों में पहले से भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अब उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और लूट की बाकी रकम के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
स्रोत: दैनिक भास्कर भोपाल
प्रतीकात्मक चित्र: mharrsch / flickr, CC BY 2.0
