शिवप्रकाश ने भाजपा पदाधिकारियों को दी नसीहत, कहा- सत्ता में रहेंगे तो पद मिलते रहेंगे

0
शिवप्रकाश ने भाजपा पदाधिकारियों को दी नसीहत, कहा- सत्ता में रहेंगे तो पद मिलते रहेंगे

<a href="https://commons.wikimedia.org/wiki/File:Bharatiya_Janata_Party_Flag.jpg" target="_blank" rel="noopener nofollow">प्रतीकात्मक चित्र: Manasbose / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY 4.0</a>

भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने गुरुवार को भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी के मोर्चा, प्रकोष्ठ, आईटी और सोशल मीडिया टीम के सदस्यों तथा निगम, मंडल और प्राधिकरणों के अध्यक्षों के साथ बैठक की। बैठक में संगठनात्मक तैयारियों और आगामी रणनीति पर चर्चा हुई।

शिवप्रकाश ने कहा कि देश में अब विमर्श की लड़ाई है और विपक्षी दल भाजपा सरकार तथा संगठन के अच्छे कामों को बदनाम करने और जनता में भ्रम फैलाने के लिए गलत नैरेटिव सेट कर रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि आने वाले दिनों में विपक्ष समाज को तोड़ने और विद्वेष फैलाने वाले नए नैरेटिव सामने ला सकता है।

उन्होंने पदाधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि चुनाव के लिए समय कम है। उन्होंने कहा कि खुद के लिए अधिकार मांगने के बजाय जनता के बीच जाकर उन्हें अधिकार दिलाने में जुटना होगा। शिवप्रकाश ने कहा कि सत्ता में बने रहेंगे तो पद मिलते रहेंगे, लेकिन सत्ता गई तो कुछ नहीं मिलेगा। उन्होंने हारी और कमजोर सीटों पर काम करने पर जोर दिया।

प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने निगम-मंडल के पदाधिकारियों से कहा कि वे अपनी जिम्मेदारी को केवल प्रशासनिक या औपचारिक दायित्व न समझें। उन्होंने निर्देश दिया कि कार्यक्षेत्र में नियमित प्रवास करें, आम लोगों से संवाद कर समस्याएं समझें और उनका निराकरण कराएं।

प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि निगम-मंडलों के पदाधिकारी सामाजिक संगठनों, प्रबुद्धजनों और विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों से संपर्क बढ़ाकर भाजपा को सर्वव्यापी और सर्वस्पर्शी बनाने में योगदान दें। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस समाज में विद्वेष फैलाकर सत्ता हासिल करना चाहती है, जबकि भाजपा कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाएं और युवाओं को संगठन से जोड़ें। बैठक में 1 से 25 दिसंबर तक चलने वाले सेवा दूत अभियान के स्वरूप की जानकारी भी दी गई।

स्रोत: दैनिक भास्कर भोपाल

प्रतीकात्मक चित्र: Manasbose / विकिमीडिया कॉमन्स, CC BY 4.0

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *